कांग्रेसी पार्षद भाजपा को घेरेंगे
जयपुर। नगर-निगम में गुरुवार को होने वाली साधारण सभा से पहले कांग्रेस सत्ता पक्ष को घेरने की रणनीति तैयार करने में जुटी हैं। विधानसभा चुनाव में महज पांच माह का समय है, ऐसे में साधारण सभा के जरिए कांग्रेस भाजपा पर हमला करने का कोई मौका गंवाना नहीं चाहती।सदन में सत्तारूढ़ भाजपा को घेरने की रणनीति् के तहत शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रताप सिंह खाचरियावास ने दोपहर 12 बजे अपने आवास पर कांग्रेस पार्षदों की बैठक बुलाई है। बैठक में कांग्रेस समर्थित निर्दलीय पार्षदों को भी आमंत्रित किया गया है। हालांकि कांग्रेस में नेता प्रतिपक्ष का पद गुलाम नबी के निधन के बाद से ही रिक्त चल रहा है, सदन में उपनेता प्रतिपक्ष धर्मसिंह सिंघानिया कांग्रेस पार्षदों का नेतृत्व करेंगे। बैठक शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रताप सिंह कांग्रेसी पार्षदों को एकजुटता का पाठ पढाएंगे। कांग्रेस पार्षद कई ज्वलंत मुद्दों पर भाजपा बोर्ड को घेरने का काम करेंगे। शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि वर्तमान भाजपा के बोर्ड से जनता दुखी है, जनता का राहत देने वाले काम नहीं हो पा रहे हैं। खाचरियावास ने कहा कि भाजपा ने गैर कानूनी तरीके से समितियों का गठन किया है। इसके अलावा स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में करोड़ों का घोटाला रहा है, लेकिन जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो रही। प्रताप सिंह ने कहा कि कॉलोनियों में सफाई नहीं हो रही है, पहले स्वच्छ भारत अभियान के तहत सफाई होती थी, लेकिन अब वो भी बंद हो गई, जिससे चारों गंदगी के ढेर लगे हैं। इन्ही सब मुद्दों को लेकर कांग्रेसी पार्षद भाजपा को घेरेंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें