गुरुवार, 26 जुलाई 2018

भाजपा ने प्रदेश में संगठन के मुखिया के तौर पर मुखौटा तो बदल दिया है, लेकिन वजीर और पियादे अब भी वसुंधरा के ही हैं

राज्य में साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश भाजपा में मुखौटा तो बदल गया है। लेकिन वजीर से लेकर हर पियादे वसुंधरा राजे के ही हैं। वसुंधरा के यही भरोसेमंद सिपाही हर सियासी मोर्चे पर खड़े हो रहे हैं।

जयपुर । विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने प्रदेश में संगठन के मुखिया के तौर पर मुखौटा तो बदल दिया है, लेकिन वजीर और पियादे अब भी वसुंधरा के ही हैं। वसुंधरा भी इन्हीं सिपाहियों पर  भरोसा करके सियासी रण की तरफ एक-एक कदम बढ़ा रही हैं। 4 अगस्त से निकाली जाने वाली चुनावी रथ यात्रा सुराज गौरव में भी वसुंधरा के भरोसेमंदों का मैनेजमेंट देखने को मिल सकता है।

मुख्यमंत्री वसुंधरा की चार अगस्त से सुराज गौरव यात्रा शुरु होने जा रही है। ऐसे में माना जा रहा है कि इस यात्रा को लेकर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी वसुंधरा अपने भरोसेमंद अशोक परनामी को दे सकती हैं। पार्टी के जानकारों का कहना है कि वसुंधरा के करीबियों में से एक होने के साथ ही परनामी प्रदेश की स्थितियों को बेहतर रुप से समझते हैं। यही वजह है कि प्रदेश में घूमने वाली मुख्यमंत्री वसुंधरा के चुनावी रथयात्रा के 'सारथी' की भूमिका परनामी निभा सकते हैं। क्योंकि, रथयात्रा शुरू होने को लेकर की जाने वाली तैयारियों पर परनामी की नजर बनी हुई है। चारभुजा नाथ मंदिर के पास सभा स्थल आदि का जायजा लेने गए मंत्रियों और पदाधिकारियों की टीम में अशोक परनामी भी प्रमुख रुप से शामिल थे।

सैनी नहीं कर पाए टीम की घोषणा
प्रदेश भाजपा की कमान संभाले मदनलाल सैनी को करीब 20 दिन से अधिक हो गए हैं। इसके बाद भी अभी तक सैनी अपनी नई टीम की घोषणा नहीं कर सके हैं। पहले माना जा रहा था कि पार्टी अध्यक्ष अमितशाह के राजस्थान दौरे से पहले सैनी अपनी नई टीम की घोषणा कर देंगे। लेकिन, वे निर्धारित समय तक अपनी टीम की घोषणा नहीं कर सके।

ऐसे में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में भी परनामी के समय के पुराने चेहरे ही बैठक में नजर आए। अभी तक संगठन के नाम पर केवल जिला संगठन प्रभारियों की ही अदला-बदली हो पाई है। मदनलाल सैनी की ओर से अभी तक टीम की घोषणा नहीं कर पाने के मामले में सियासी चर्चाओं की दौर शुरू हो चुका है। राजनीति में एक धड़ा मानने लगा है कि सैनी टीम की घोषणा करने में काफी देरी कर रहे हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें