वसुंधरा राजे की सुराज गौरव यात्रा से पहले
भाजपा की ओर से घोषित किए गए प्रवक्ता और पैनालिस्ट मुस्तैद हो गए हैं
जयपुर । मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की सुराज गौरव यात्रा से पहले भाजपा की ओर से घोषित किए गए प्रवक्ता और पैनालिस्ट मुस्तैद हो गए हैं। प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी की ओर से दी गई नियुक्ति के बाद आज सुबह से ही पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं की आवाजाही तेज हो गई। सैनी जिन नए लोगों को दायित्व मिला उनमें से अधिकतर ने पार्टी मुख्यालय में आकर पदभार संभाल लिया।
प्रदेश भाजपा मीडिया प्रभारी विमल कटियार ने अपने समर्थकों के साथ आकर पदभार ग्रहण किया। वहीं प्रवक्ताओं में शामिल पंकज मीणा सहित कई अन्य प्रवक्ताओं ने भी पदभार संभाल लिया। बुधवार देर रात प्रदेश भाजपा में 8 प्रवक्ता और 12 पैनालिस्ट और मीडिया प्रभारी व सहप्रभारी की घोषणा की गई थी। जिसके बाद अब पद की लालसा रखने वाले भाजपा नेताओं की उम्मीदें बढ़ गई है।
मीडिया विभाग में वक्ताओं और पैनालिस्ट का ऐलान होने के बाद अब अन्य पदों पर भी जल्द ही नियुक्तियां हो सकती है। खासतौर पर दो प्रदेश महामंत्री और कुछ पदाधिकारियों के ऐलान होने की संभावना प्रबल है। वहीं मोर्चो और विभागों में भी नए लोगों को दायित्व दिया जा सकता है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री की सुराज गौरव यात्रा से पहले ये नियुक्तियां हो सकती हैं।
जंगल में मोर नाचा किसने देखा- कटियार
प्रदेश भाजपा मीडिया प्रभारी का पदभार ग्रहण करने के दौरान बड़ी संख्या में कटियार के समर्थक मौजूद रहे। वहीं कटियार की पूरानी टीम में शामिल भाजपा नेताओं ने भी इस दौरान यहां मौजूद रहकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। हालांकि पद संभालने के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान कटियार ने कहा कि पार्टी सबका साथ सबका विकास के नारे पर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि मीडिया के जरीए ही सरकार के काम जनता तक जाएं। उन्होंने कहा कि बिना मीडिया के राजनीतिक दलों की स्थिति 'जंगल मे मोर नाचा किसने देखा' जैसी हो जाती है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें