जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर के विश्वकर्मा इलाके के पास सेवापुरा के लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण फैलने की आशंका से घबराहट फैली हुई है। इसका कारण कोरोना संक्रमित मरीजों का वेस्टेज कचरा जलाना है। दरअसल, अस्पतालों या क्वॉरेंटाइन सेंटर से उठाया गया कचरा लाकर सेवापुरा में बने नगर निगम के कचरा प्लांट में जलाया जाता है।
सेवापुरा गांव के पास लंबे चौड़े एरिया में नगर निगम का कचरा प्लांट बनाया हुआ है। इस कचरा प्लांट में शहर भर से कचरा लाकर डंप किया जाता है। साथ ही कई बार इस कचरे को जला दिया जाता है। कचरे के कारण आसपास के गांव और कॉलोनी में रहने वाले लोग बदबू के साथ ही कई बीमारियों का खतरा झेल रहे हैं।
त्वचा रोगों के साथ सांस संबंधी रोगों से लोग परेशान है। गांव वालों का आरोप है कि अब इस कचरा प्लांट में कोरोना संक्रमित मरीजों के अस्पतालों और क्वॉरेंटाइन सेंटर से भी कचरा लाकर जलाया जा रहा है। उस इलाके में महामारी फैलने थी आशंका फैली हुई है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि निगम प्रशासन ने इस ओर ध्यान नहीं दिया तो आंदोलन किया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें