सोमवार, 20 अप्रैल 2020

राजस्थान में एंबुलेंस सेवा से जुड़े कर्मचारी यूनियन ने सरकार को दी हड़ताल की चेतावनी

जयपुर। भारत सहित दुनिया के तमाम देश इस समय नोवेल कोरोना वायरस  की चपेट में हैं। इस बीमारी का संक्रमण भारत में तेजी से बढ़ रहा है। इस दौरान, चिकित्साकर्मी, पुलिस कर्मी, आशाकर्मी सहित एंबुलेंस कर्मी लगातार, इस आपदा में दिन-रात लोगों की मदद करने में जुटे हैं।

इस बीच, राजस्थान में एंबुलेंस सेवा से जुड़े कर्मचारी यूनियन ने हड़ताल की चेतावनी दे दी है। कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। जानकारी के मुताबिक, राज्य में 104, 108 सेवा से जुड़े एंबुलेंस यूनियन ने हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि, उन्हें मूलभूत सुविधाएं नहीं दी जा रही हैं। इसलिए वह हड़ताल करेंगे। 

हालांकि, एंबुलेंस कर्मचारी यूनियन की सरकार के साथ कुछ दिन पहले बात हुई थी। इस दौरान, कुछ मसलों पर सहमति बनी थी। वहीं, राजस्थान एंबुलेंस कर्मचारी संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने कहा कि हमारे बारे में कोई नहीं सोच रहा है। उन्होंने कहा कि अगर हमारी मांगें नहीं मानी गई तो, सोमवार रात से कर्मचारी एंबुलेंस बंद कर देंगे।


एंबुलेंस कर्मचारियों की  मांगें:

1. एंबुलेंस कर्मचारियों को कोरोना वैश्विक महामारी में पूर्ण संसाधन मिले।

2. एंबुलेंस कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि मिले।

3. एंबुलेंस कर्मचारियों को एंबुलेंस संचालक कंपनी से टॉर्चर करना बंद किया जाए।

4 एंबुलेंस कर्मचारियों को पूरी सुरक्षा दी जाए।

5. एंबुलेंस कर्मचारियों को मुख्यमंत्री एंव पूरी सरकार व चिकित्सा विभाग द्वारा इस कोरोना वायरस की वैश्विक महामारी में पहला सिपाही माना जाए।

बता दें कि, कोरोना वायरस का संक्रमण राजस्थान में भी तेजी से पांव पसार रहा है। राज्य में कोरोना वायरस संक्रमित की संख्या  1495 पहुंच गई है। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें