बुधवार, 3 जून 2020

अमित शाह के समर्थन में उतरे गहलोत के मंत्री के बेटे

जयपुर। पर्यटन मंत्री विश्वेंद्र सिंह के बेटे अनिरुद्ध सिंह  ने पार्टी लाइन से अलग जाकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह  का समर्थन और बचाव किया है। आत्मनिर्भर  शब्द का उच्चारण करने में अमित शाह से हुई गलती पर जहां कांग्रेस नेता सोशल मीडिया पर खूब मजाक उड़ा रहे हैं, वहीं इसके उलट अनिरुद्ध सिंह ने इस बात पर अमित शाह का बचाव किया है।  

अनिरुद्द सिंह ने एक ट्वीट किया है जिसमें उन्होंने लिखा कि अमित शाहजी के वीडियो में क्या गलती है? हम सब से कभी न कभी उच्चारण की गलती होती ही है। अनिरुद्ध का यह ट्वीट कांग्रेस-बीजेपी सहित सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है। दरअसल सोशल मीडिया पर अमित शाह का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वे आत्मनिर्भर भारत के उच्चारण में शुरु में अटक जाते हैं बाद में याद दिलाने पर उसका सही उच्चारण करते हैं। कांग्रेस के कई नेता इस वीडियो को शेयर करते हुए आत्मनिर्भर भारत की पीएम मोदी की घोषणा पर सवाल उठा रहे हैं तो अमित शाह की चूक की आलोचना कर रहे हैं। ऐसे में पर्यटन मंत्री के पुत्र का खुलकर अमित शाह के समर्थन में उतरना कई कांग्रेस नेताओं के गले नहीं उतर रहा।

ऐसा अगर राहुल गांधी से हो जाता...

इसी मामले में खेल मंत्री अशोक चांदना ने फेसबुक पर लिखा, यह गलती राहुल गांधी से हो जाती तो। खेल मंत्री अशोक चांदना ने फेसबुक पर अमित शाह का वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, मेरा स्तर नहीं कि मैं ऐसी छोटी सी गलती का वीडियो पोस्ट करुं, लेकिन अगर ऐसा राहुल गांधी से हो जाता तो...

केजरीवाल सरकार की तारीफ में रीट्वीट

वहीं अनिरुद्ध सिंह ने एक तरफ ट्वीट करके अमित शाह का बचाव अरौर समर्थन किया, कुछ ही घंटों बाद दिल्ली की केजरीवाल सरकार द्वारा शिक्षा में किए गए उल्लेखनीय कामों वाले आप के ट्वीट को रीट्वीट किया। अनिरुद्ध सिंह ने दिल्ली सरकार के शिक्षा में बेहतरीन काम के दावे वाले वीडियो को रीट्वीट किया। जिसके बाद भी चर्चा का बाजार काफी गर्म रहा ।

पर्यटन मंत्री विश्वेंद्र सिंह ने इससे पहले पीएम नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत अभियान का समर्थन करते हुए इसकी अलोचनाओं को गलत बताया था। अब पर्यटन मंत्री के पुत्र अनिरुद्ध सिंह ने आत्मनिर्भर के उच्चारण को लेकर अमित शाह की आलोचना कर रहे कांग्रेस नेताओं पर अप्रत्यक्ष रूप से निशाना साधते हुए अमित शाह का बचाव किया है।

ऐसे में पिता-पुत्र की इस बेबाकी ने राजनीतिक चर्चाओं को जन्म दे दिया है। पर्यटन मंत्री विश्वेंद्र सिंह और उनके पुत्र अनिरुद्ध सिंह के बेबाक ट्वीट पिछले काफी समय से राजनीतिक क्षेत्र में चर्चा का विषय बने हुए हैं। दोनों पिता-पुत्र की बेबाकी ने राजनीतिक प्रेक्षकों को कई तरह की अटकलें लगाने पर मजबूर कर दिया है, हालांकि विश्वेंद्र सिंह कह चुके हैं कि उनके बयानों और ट्वीट्स का यह अर्थ नहीं है कि वे किसी अन्य पार्टी में जा रहे हों।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें