सोमवार, 27 अगस्त 2018

बाड़मेर में होगी सियासी टक्कर, भाजपा, कांग्रेस सहित मानवेंद्र सिंह ने ठोकी ताल

विधानसभा चुनाव के रण में राजनीतिक दलों के बीच सियासी कुश्ती हर दिन तेज होती जा रही है। बाड़मेर सियासत के लिहाज से सितम्बर मे महीने में खास रहने वाला है। भाजपा और कांग्रेस के अलावा शिव विधायक मानवेंद्र रैलियों की तैयारी में जुट गए हैं ।

 विधानसभा चुनाव के रण में राजनीतिक दलों के बीच दंगल जारी है। चुनाव नजदीक आने के साथ ही ये दंगल और तेज होता जा रहा है। सितम्बर के महीने में थार में राजनीतिक रैलियों और यात्राओं के बीच सियासत गरमाने जा रही है। इस महीने में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की राजस्थान गौरव यात्रा यहां पहुंचेगी। वहीं, कांग्रेस संकल्प रैली और शिव विधायक मानवेंद्र सिंह ने स्वाभिमान रैली निकालने का ऐलान कर दिया है।


खास बात यह है कि शिव से विधायक मानवेंद्र सिंह के तेवर अब कड़े हो गए हैं। खुलकर सामने आने के साथ ही मानवेंद्र सिंह ने स्वाभिमान रैली निकालने का ऐलान कर दिया है। उनके इस ऐलान के बाद भाजपा के सामने परेशानी खड़ी हो सकती है। आपको बता दें कि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे गौरव यात्रा के साथ 1 सितम्बर को पचपदरा में आएंगी। इस संबंध में पार्टी स्तर पर तैयारियों को तेज कर दिया गया है।


वहीं, कांग्रेस ने भी संभांग स्तर पर बड़ी संकल्प रैली करने के लिए पचपदरा को चुना है। कांग्रेस की ओर से पचपदरा का चुनाव संकल्प रैली के लिए करने के साथ ही सियासत भी गरमाती जा रही है। क्योंकि, पूर्व में कांग्रेस अध्यक्ष रही सोनिया गांधी रिफाइनरी का शिलान्यास कर चुकी हैं। अब माना जा रहा है कि यहां से संकल्प रैली करते हुए कांग्रेस राज्य की सरकार को घेरने की तैयारी कर रही है।

स्वाभिमान  रैली 22 को होगी
एक बैठक में भाग लेते हुए मानवेंद्र सिंह ने भी पचपदरा में 22 को स्वाभिमान रैली निकालने की घोषणा की है। इसके साथ ही उन्होंने रैली की तैयारी को भी तेज कर दिया है। इस रैली को लेकर मानवेंद्र सिंह की पत्नी चित्रा पहले से बैठकें कर रही थी। वहीं, रैली के संबंध में मानवेंद्र ने कहा है कि इस रैली में सभी स्वाभिमानी भाग लेंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें