बुधवार, 5 सितंबर 2018

विधानसभा का यह आखिरी सत्र है, धैर्य रखें और समझदारी दिखाएं : मुख्यमंत्री

अनुसूचित जाति-जनजाति एवं सवर्णों को आपस में लड़ाने की जो कोशिशें हो रही हैं, उन्हें हमें नाकाम करना है। साथ ही हमें लोगों को समझाना होगा।
जयपुर। विधानसभा का यह आखिरी सत्र है। इसमें धैर्य रखें और समझदारी के साथ मामलों को डील करें। अभी जो कार्य बाकी रह गए हैं, सरकार उन्हें पूरे करने की पूरी कोशिश करेगी। अब तक दो संभागों में निकली राजस्थान गौरव यात्रा के दौरान जनता का जो उत्साह नजर आया है उसे बनाए रखना है और विधानसभा एवं आगामी लोकसभा चुनावों में पार्टी के लिए जमकर मेहनत करनी है।

यह बात मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने 8, सिविल लाइंस पर आयोजित भाजपा विधायक दल की बैठक में कही। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति-जनजाति एवं सवर्णों को आपस में लड़ाने की जो कोशिशें हो रही हैं, उन्हें हमें नाकाम करना है। साथ ही हमें लोगों को समझाना होगा। राजे ने विधायकों एवं पार्टी पदाधिकारियों का आह्वान किया कि चार संभागों में निकलने वाली राजस्थान गौरव यात्रा को सफल बनाने के लिए तैयारियों में जुट जाएं। उन्होंने कहा कि बीकानेर संभाग की यात्रा के दौरान जिन विधायकों और मंत्रियों को जिम्मेदारी दी गई है, वे जिलों में रहें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस में हताशा का माहौल है। इसी हताशा में उन्होंने पीपाड़ में राजस्थान गौरव यात्रा के काफिले पर पथराव किया। मध्यप्रदेश में भी कांग्रेस कार्यकत्र्ताओं ने मुख्यमंत्री शिवराज चौहान के काफिले पर पथराव किया था। दोनों घटनाओं से साफ है कि वे हताशा में यह सब कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने विधायकों का आह्वान किया कि राजस्थान गौरव यात्रा के दौरान आमजन का जो उत्साह सड़कों पर नजर आ रहा है, उसे बनाए रखें और आगामी विधानसभा एवं लोकसभा चुनावों में पार्टी को भारी बहुमत से जिताने के लिए जी-जान से जुट जाएं। 

        बैठक में गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री वी. सतीश, प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, संसदीय कार्यमंत्री राजेन्द्र राठौड़, राज्य मंत्रिमंडल के सदस्य एवं भाजपा विधायक उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें