जनता ने भारतीय जनता पार्टी को ही पूर्ण बहुमत का सरकार बनाने का मौका दिया है। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी की सरकार का अंगद का पांव है, उसे कोई उखाड़ नहीं सकता।
जयपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने मंगलवार को मोती डूंगरी गणेश मंदिर के दर्शन कर राजस्थान में चुनावी शंखनाद की शुरुआत की। उन्होंने आदर्श नगर के सूरज मैदान में शक्ति केंद्र सम्मेलन को संबोधित किया। शाह ने भारत माता के जयकारे के साथ संबोधन शुरू किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर प्रहार किए और भाजपा सरकार की योजनाओं के बारे में बताया।
उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल बाबा का कहना है कि कांग्रेस तीनों राज्यों में चुनाव जीतेगी, लेकिन वे मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं। जनता ने भारतीय जनता पार्टी को ही पूर्ण बहुमत का सरकार बनाने का मौका दिया है। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी की सरकार का अंगद का पांव है, उसे कोई उखाड़ नहीं सकता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को अपने शासनकाल के दौरान किए गए कार्यों की तुलना करनी चाहिए। इसके बाद ही कोई बयान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सामने अभी कई परेशानियां हैं। वह अभी तक अपने नेता का ही चुनाव नहीं कर पाई है। ऐसी पार्टी चुनाव लड़ने के काबिल नहीं है।
भाजपा सरकार ने सिद्धांतों के आधार पर काम किया है और सरकार जनहित के कार्यों के लिए कार्य करती रहेगी। भाजपा की नीतियां स्पष्ट हैं। बीजेपी की सरकार ने हर तबके के लिए काम किया है। बालिका शिक्षा और किसान के मुद्दों पर जनहित की योजनाएं लागू कीं। भाजपा सरकार को कोई नहीं उखाड़ सकता। हम मोदी के नेतृत्व में ही चुनाव लड़ेंगे। इस दौरान उन्होंने आयुष्मान भारत योजना का भी बखान किया।
उन्होंने कहा कि राजस्थान की धरती वीरों की भूमि है। यहां का कार्यकर्ता समर्पित होकर कार्य करता है। हम नए भारत का निर्माण करने जा रहे हैं, यह मोदीजी नेतृत्व में होगा। भाजपा संगठित होकर चुनाव जीतती है और जीतेगी। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि अभी पांच राज्यों के चुनाव आने वाले हैं। आप सबकी आवाज मोदीजी तक पहुंचनी चाहिए। सम्मेलन में भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों सहित जयपुर शहर, जयपुर देहात, दौसा और अलवर संभाग की कुल 35 विधानसभा क्षेत्रों के 1314 शक्ति केन्द्रों से आए शक्ति केंद्र संयोजकों, पार्टी पदाधिकारियों, विस्तारकों, कार्यसमिति सदस्यों, वर्तमान एवं पूर्व जन-प्रतिनिधि, मोर्चा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे। इससे पूर्व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का जयपुर पहुंचने पर एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया गया। यहां से कार्यकर्ता वाहन रैली के साथ उन्हें गणेश मंदिर लेकर पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने वाहनों पर पार्टी के झंडे लगा रखे थे। मोती डूंगरी मंदिर में उन्होेंने पूजा की। बाद में शक्ति केंद्र सम्मेलन सम्मलेन में चुनावी बिगुल बजा दिया।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें