बुधवार, 12 सितंबर 2018

जिनके घर शीशे के होते हैं वे दुसरे के घर पर.....शाह जी- गहलोत

विधानसभा चुनाव के सियासी रण में भाजपा-कांग्रेस के बीच सियासी घमासान जारी है। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अशोक गहलोत ने अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि शाह को पहले अपना घर संभालना चाहिए। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष होने के बाद भी वे मनपसंद अध्यक्ष तक नहीं बना पाए।
जयपुर । विधानसभा चुनाव के रण में भाजपा-कांग्रेस के बीच सियासी शह-मात का खेल जारी है। इसी बीच कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अशोक गहलोत ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि शाह को पहले अपना घर संभालना चाहिए। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष होने के बाद भी वे मनपसंद अध्यक्ष तक नहीं बना पाए।

जयपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान गहलोत ने कहा कि शाह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। उनकी घोषणा के बाद भी वे गजेंद्र सिंह शेखावत को अध्यक्ष नहीं बना पाए। उन्हें अध्यक्ष बनाने के लिए पूरा जोर लगा दिया, लेकिन नहीं बना पाए। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के आगे झुकना पड़ा। उन्हें झुककर सलाम करना पड़ा और अपने निर्णय को बदलना पड़ा।  उन्होंने निशाना साधते हुए कहा कि जो अपनी पसंद का अध्यक्ष नहीं बना सके, उन्हें कांग्रेस के बारे में बोलने का कोई हक नहीं है।

गहलोत ने कहा कि शाह ने जयपुर दौरे के दौरान जिस लेंग्वेज का इस्तेमाल किया, वो शर्मनाक है। शाह को राजस्थान की परंपरा के बारे में जानकारी नहीं है। यहां सभी आपसी भाईचारे और प्यार से बात करते हैं। लेकिन राष्ट्रीय पार्टी के अध्यक्ष ने जिस लेंग्वेज का इस्तेमाल किया वो ओछी है। गहलोत ने कहा कि देश में सत्ताधारी दल का अध्यक्ष अगर ऐसी भाषा का प्रयोग करे तो दूसरों से क्या उम्मीद की जा सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि अमित शाह के जयपुर दौरे के बाद भी मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे जयपुर नहीं आई। इससे साफ पता चलता है कि केंद्र और राजस्थान के बीच टकराव किस स्तर पर है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें