मंगलवार, 2 अप्रैल 2019

कांग्रेस ने जारी किया घोषणापत्र,

कांग्रेस पार्टी झूठे वादे नहीं करती है, जनता हमपर भरोसा करे हम अपने वादे पूरे करेंगे । इस मेनिफेस्टो में लाखों लोगों की आवाज को शामिल किया गया है। जनआवाज नाम के इस घोषणापत्र में 5 मैन थीम है।
लोकसभा चुनाव का पारा चरम पर है। जहां भाजपा लगातार दूसरी बार सरकार बनाने के लिए जोर लगा रही है, वहीं कांग्रेस की नजर भी सत्ता में वापसी पर है। कांग्रेस ने आज मंगलवार को अपना घोषणापत्र (मैनिफेस्टो) जारी कर दिया। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी और पूर्व पीएम मनमोहन सिंह ने पार्टी कार्यालय में 2019 लोकसभा चुनाव के लिए मैनिफेस्टो लॉन्च किया। मैनिफेस्टो की टैगलाइन हम निभाएंगे दी गई है। 

राहुल ने कहा कि जनआवाज नाम के इस घोषणापत्र में 5 मैन थीम है। न्याय की थीम सबसे पहली थीम है। हम हर साल 72000 रुपए जनता के खाते में डालेंगे। किसानों और गरीबों की जेब में सीधा पैसा जाएगा। पीएम नरेंद्र मोदी ने नोटबंदी करके देश की अर्थव्यवस्था को जाम किया, वह इससे खत्म हो जाएगा। हमारी दूसरी थीम रोजगार है। देश में युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। 

दो करोड़ रोजगार नहीं मिले। 22 लाख सरकारी रोजगार, उनको कांग्रेस मार्च 2020 तक भरकर दे देगी। 10 लाख युवाओं को ग्राम पंचायत में रोजगार देगी। तीन साल के लिए देश के युवाओं को बिजनेस खोलने के लिए किसी से कोई इजाजत नहीं लेनी होगी। मनरेगा को 150 दिन गारंटीड करना चाहते हैं। हम मनरेगा के 100 दिन बढ़ाकर 150 करना चाहते हैं। 

किसान की बात भी हमारे घोषणापत्र की बड़ी थीम है। एक अलग किसान बजट होना चाहिए। देश के किसान को मालूम होना चाहिए कि उसको कितना पैसा मिल रहा है, उसका न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) कितना बढ़ाया जा रहा है। हमने निर्णय लिया है कि किसान अगर कर्जा न दे पाए तो वह आपराधिक मामला नहीं हो बल्कि वह सिविल मामला हो। शिक्षा में जीडीपी का 6 प्रतिशत पैसा दिया जाएगा। 

गरीब से गरीब व्यक्ति को सबसे बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिले इसकी भी व्यवस्था की जाएगी। हम देश को जोडऩे का काम करेंगे। नेशनल और इंटरनल सुरक्षा पॉलिसी पर हमारा सबसे ज्यादा जोर रहेगा। हमने एमपी, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में कहा था कि किसानों का कर्जा माफ करेंगे, हमने कर दिया। कांग्रेस के घोषणापत्र में जनता के मन की बात है, हमारे मन की नहीं। इस मौके पर पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम, रणदीप सुरजेवाला व कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सहित कई दिग्गज नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें