गुरुवार, 18 अप्रैल 2019

कांग्रेस गरीब का नाम ही लेती है, गरीबी समाप्त करने का काम नही करती: मदनलाल सैनी






जयपुर ।  भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी ने कहा कि 1971 की भारत-पाकिस्तान की लड़ाई का प्रचार कांग्रेस पार्टी ने किया था और उसका लाभ कांग्रेस तथा इन्दिरा गांधी को मिला था । भाजपा सेना, सर्जिकल स्ट्राइक एवं एयर स्ट्राइक का प्रचार नहीं कर रही है ।  किन्तु देश की जनता स्वयं ही यह चर्चा कर रही है कि देश को पहली बार ऐसा प्रधानमंत्री मिला है जिसने देश के अपमान का बदला दुश्मन की सीमा में जाकर लिया है। देश की जनता ही कह रही है कि मोदी जी ने आतंक के अड्डो को समाप्त किया है।

सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत संवैधानिक पद पर रहते हुए भी राष्ट्रपति की जाति की बात करते है, यह घोर निंदनीय है। सैनी ने इस विषय में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की कडे़ शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि गहलोत को संवैधानिक पद की गरिमा का भी ध्यान नहीं है।
सैनी ने कहा कि कांग्रेस की रग-रग में जातिवाद बसा हुआ है। इसलिए उन्हें संवैधानिक पदों पर बैठे हुए व्यक्तियों की भी योग्यता के स्थान पर जाति ही दिखती है। सैनी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से सवाल किया कि वे जातिवाद से ऊपर उठकर देश के बारे में कब सोचंेगे।

सैनी ने कहा कि राशन की दुकानों से सब्सिडी पर मिलने वाला इस महीने का अनाज लोडिंग, अनलोडिंग हुआ ही नहीं। काॅपरेटिव सोसायटी ने हाथ खड़े कर दिये कि उनके पास पैसा नही है। इसलिए सामान और अनाज नही आ सकता। इन परिस्थितियों मे प्रदेश का गरीब व्यक्ति तकलीफ में है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 30 लाख लोग ऐसे है  जिनके बारे में सरकार को कोई चिन्ता नहीं है। ये काम कांग्रेस ही कर सकती है कि गरीब का नाम तो कांग्रेस जरूर लेती है लेकिन उनके बारे मेें चिंतन करने का स्वभाव कांग्रेस का नही है।

सैनी ने कहा कि प्रदेश में जबसे कांग्रेस की सरकार बनी है तब से गरीबों और किसानों को ठगने का काम कर रही है। प्रदेश में बिजली-पानी की समस्या विकराल हो रही है। बिजली आती कम है और जाती ज्यादा है। पानी की व्यवस्था करने में सरकार पूर्ण रूप से विफल हुई है। क्योंकि जो बोरिंग ठेकेदारों के माध्यम से होने थे, उनका पेमेन्ट नही हो रहा है। इसलिए कोई भी ठेकेदार सरकार के काम में हाथ डालने की कोशिश नही कर रहा है।

सैनी ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था चैपट हो चुकी है, एस.पी. और     सी.आई. पर गोली चलायी जा रही है। दिन में थाने के पास हत्या हो रही है। छोटी-छोटी बच्चियों के साथ बलात्कार हो रहे है, अपराधी खुले घूम रहे है। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें