सोमवार, 1 अप्रैल 2019

देश भर के प्रचार में प्रियंका की मांग


वैसे तो कांग्रेस पार्टी ने स्टार प्रचारकों की लंबी चौड़ी सूची बना कर चुनाव आयोग को दी है पर देश के ज्यादातर क्षेत्रों से बहुत ज्यादा नेताओं के प्रचार की मांग नहीं आ रही है। बहुत कम चेहरे ऐसे हैं, जिनको उम्मीदवार अपने यहां रैली या रोड शो करने के लिए बुलाना चाह रहे हैं। इनमें सबसे ज्यादा मांग प्रियंका गांधी को बुलाने की है। वैसे परंपरा के तहत कांग्रेस अध्यक्ष को हर जगह का उम्मीदवार बुलाता है। इसलिए राहुल गांधी की मांग हर जगह से आ रही है और उनके साथ साथ सोनिया गांधी को भी बुलाया जा रहा है। पर सब जानते हैं कि उनकी सेहत ठीक नहीं है। दो साल पहले उत्तर प्रदेश में रोड शो करते हुए वे बेहोश हो गई थीं और उनको विशेष विमान से दिल्ली लाया गया था। 

सो, वे ज्यादा जगहों पर प्रचार के लिए नहीं जाएंगी। पहले राहुल गांधी को लेकर उत्सुकता थी पर पिछले पांच साल में उन्होंने इतनी जनसभाएं की हैं कि उनका करिश्मा कम पड़ गया है। तभी इस बार के चुनाव में सबसे ज्यादा लोग कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को प्रचार के लिए बुलाना चाह रहे हैं। जहां उम्मीदवारों की घोषणा हो गई है वहां से स्टार प्रचारकों के लिए अनुरोध आने लगा है। सबसे ज्यादा अनुरोध प्रियंका गांधी को बुलाने के लिए है। हर उम्मीदवार अपने क्षेत्र में उनकी सभा कराना चाह रहा है। 

कांग्रेस के जानकार नेताओं का कहना है कि दक्षिण भारत के राज्यों से लेकर पूर्वोत्तर के राज्यों तक में हर जगह से प्रियंका की मांग हो रही है। पर कांग्रेस उनको हर जगह प्रचार में नहीं भेज पाएगी। इसके तीन कारण बताए जा रहे हैं। पहला कारण तो यह है कि उनको पूर्वी उत्तर प्रदेश की सभी सीटों पर काम करना है और कांग्रेस की गिनती बढ़ाई है। दूसरे, रायबरेली और अमेठी पर भाजपा का फोकस देख कर वहां ज्यादा मेहनत करनी है और तीसरा, वे खुद वाराणसी से लड़ने के संकेत दे रही हैं। अगर ऐसा होता है तो वे दूसरे राज्यों में बहुत कम प्रचार कर पाएंगी। इसके बावजूद कांग्रेस नेताओं का कहना है कि कुछ राज्यों में खास कर भाजपा के साथ सीधे मुकाबले वाले राज्यों में उनकी रैलियां होंगी। वे राहुल के साथ साझा रैली भी कर सकती हैं। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें