मंगलवार, 27 मार्च 2018

भाजपा क्या प्रदेश अध्यक्ष बदलेगी

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह अपनी टीम में ज्यादा फेरबदल नहीं करते हैं। उनकी पुरानी टीम काफी समय से काम कर रही है। जहां बहुत जरूरी हुआ वहीं नए प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए गए। पर अब कम से कम दो राज्यों को लेकर चर्चा है कि प्रदेश अध्यक्ष बदला जा सकता है। चुनाव वाले दो राज्यों राजस्थान और मध्य प्रदेश में नए अध्यक्ष की नियुक्ति का अंदाजा लगाया जा रहा है। पहले तो कहा जा रहा था कि मुख्यमंत्री बदले जा सकते हैं। पर अब सरकार में फेरबदल और मुख्यमंत्री बदलने की चर्चा है।

असल में इन दोनों राज्यों में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और प्रभारी महासचिव बड़ी मेहनत कर रहे हैं। राजस्थान में सचिन पायलट और अविनाश पांडे और मध्य प्रदेश में अरुण यादव व दीपक बावरिया काफी सक्रिय हैं। इनके मुकाबले भाजपा में सुस्ती दिख रही है। भाजपा के मध्य प्रदेश के प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्धे दिल्ली में आईसीसीआर के अध्यक्ष हो गए हैं। सो, वे राजनीतिक कामकाज के लिए कम समय निकाल पा रहे हैं। इसी तरह राजस्थान के प्रभारी अविनाश राय खन्ना भी बहुत सक्रिय नहीं हैं।

तभी कहा जा रहा है कि राजस्थान और मध्य प्रदेश में अध्यक्ष और प्रभारी दोनों बदले जा सकते हैं। प्रदेश अध्यक्ष और प्रभारी को लेकर यह भी तय माना जा रहा है कि दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों की सहमति से ही उनकी नियुक्ति होगी। ऐसा आदमी नियुक्त किया जाएगा, जिसके साथ मुख्यमंत्री और उनकी टीम का तालमेल बन सके।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें