मंगलवार, 27 मार्च 2018

शत्रुघ्न सिन्हा क्या राजनीति कर रहे हैं

बिहार में शत्रुघ्न सिन्हा क्या राजनीति कर रहे हैं? उन्होंने पिछले हफ्ते रांची जाकर लालू प्रसाद से मुलाकात की। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय उनके साथ गए थे। बाद में सिन्हा ने कहा है कि यह उनकी निजी मुलाकात थी और इसमें कोई राजनीति नहीं देखनी चाहिए। इसके बाद जह वे बिहार लौटे तो रविवार को उन्होंने राबडी देवी से भी मुलाकात की। यह हकीकत है कि भारतीय जनता पार्टी से वे नाराज हैं और उसके खिलाफ लगातार बयानबाजी कर रहे हैं। पर क्या भाजपा से अलग होकर वे राष्ट्रीय जनता दल के साथ जा सकते हैं?

पिछले दिनों यह खबर आई थी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी की सीट छोड़ कर पटना साहिब सीट से चुनाव लड़ सकते हैं, जहां से शत्रुघ्न सिन्हा अभी सांसद हैं। हालांकि यह हवा हवाई खबर है पर यह चर्चा जरूर है कि शत्रुघ्न सिन्हा की टिकट कट सकती है। उनकी जगह केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद और एक युवा नेता रितुराज सिन्हा के नाम की चर्चा है। रितुराज सिन्हा के पिता आरके सिन्हा इस समय राज्यसभा सांसद हैं। शत्रुघ्न सिन्हा को अंदाजा है कि इस बार भाजपा की टिकट उनको नहीं मिलेगी।

तभी कहा जा रहा है कि वे राजद गठबंधन से चुनाव लड़ सकते हैं। सीधे राजद से लड़ेंगे या कांग्रेस की टिकट से लड़ेंगे यह तय नहीं है। यह भी हकीकत है कि उनके जैसे संबंध लालू प्रसाद और उनके परिवार से हैं उसी तरह के संबंध नीतीश कुमार के साथ भी हैं। नीतीश भी उनको बहुत इज्जत और मान सम्मान देते हैं। तभी एक संभावना यह भी जताई जा रही है कि वे कहीं फिर से लालू और नीतीश को साथ लाने की रणनीति पर तो काम नहीं कर रहे हैं। भाजपा के विरोध में बोलते हुए वे नीतीश को निशाना नहीं बनाते हैं। यह खबर भी आ रही है कि नीतीश कुमार भी अलग उधेड़बुन में लगे हैं। उसमें भी शत्रुघ्न सिन्हा की बड़ी भूमिका हो सकती है। सो, अभी उनकी राजनीति पर नजर रखने की जरूरत है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें