मंगलवार, 27 मार्च 2018

चुनावी राज्यों में राहुल कैसे बदलेंगे अध्यक्ष

अध्यक्ष राहुल गांधी और उनकी टीम दुविधा में है। कई राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष बदले जाने हैं। इसकी तैयारी भी हो रही है पर चुनावी राज्यों को लेकर एक बड़ी बाधा सामने आ रही है। कांग्रेस को लग रहा है कि चुनाव वाले राज्यों में जिसे नया अध्यक्ष बनाया जाएगा वह अपने को मुख्यमंत्री पद का दावेदार समझने लगेगा। उसके समर्थक इसका प्रचार भी शुरू कर देंगे। इससे राजनीतिक समीकरण बिगड़ेगा। ध्यान रहे कांग्रेस ने रणनीति के स्तर पर फिलहाल यह फैसला किया है कि वह किसी को मुख्यमंत्री के दावेदार के रूप में नहीं पेश करेगी।

तभी चुनाव वाले राज्यों में नए अध्यक्षों की नियुक्ति का मामला ठंडे बस्ते में चला गया है। इस साल के अंत में तीन राज्यों में चुनाव होना है। राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में नवंबर में मतदान होगा। मध्य प्रदेश में अरुण यादव की जगह नया अध्यक्ष नियुक्त करना है। कमलनाथ और ज्योतिरादित्य सिंधिया के नाम की चर्चा कई महीनों से चल रही है। पर वहां यहीं आशंका है कि जिसे अध्यक्ष बनाया जाएगा उसे मुख्यमंत्री का दावेदार कहा जाने लगेगा।  राजस्थान में सचिन पायलट और छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल कमान संभाल रहे हैं। कांग्रेस आलाकमान को यह लग रहा है कि इन दोनों के साथ प्रदेश ईकाई का पूरा तालमेल नहीं बन पा रहा है और जातीय समीकरण में भी ये फिट नहीं हो रहे हैं। फिर भी इन्हें अभी बदलने से, जो नया समीकरण बनेगा वह संभव है कि पहले से भी खराब हो। इसलिए राहुल गांधी ने यथास्थिति बनाए रखी है।

यहीं स्थिति ओड़िशा, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में है। इन तीन राज्यों में लोकसभा के साथ चुनाव होना है। उसमें अभी कम से कम एक साल का समय है। फिर भी राहुल गांधी ने बदलाव से इनकार कर दिया है। कहा जा रहा है कि बिहार, झारखंड, हरियाणा और महाराष्ट्र में भी लोकसभा के साथ चुनाव हो सकता है। झारखंड में कुछ दिन पहले ही अजय कुमार को अध्यक्ष बनाया गया है और महाराष्ट्र में पार्टी अशोक चव्हाण की कमान में लड़ने की तैयारी में है। सो, बिहार और हरियाणा में नया अध्यक्ष बनाने की चर्चा है। बिहार में कौकब कादरी कार्यकारी अध्यक्ष हैं और जल्दी ही नई नियुक्ति हो सकती है। सबसे ज्यादा सस्पेंस हरियाणा को लेकर है, जहां पिछले चार साल अशोक तंवर अध्यक्ष हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा अध्यक्ष पद के सबसे प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें