रविवार, 17 सितंबर 2017

कांग्रेस घोटाले की पार्टी

रांची। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की जम कर तारीफ की। उन्होंने मोदी सरकार को पूरी तरह से पारदर्शी और ईमानदार बताते हुए कहा कि विपक्ष तीन साल के कार्यकाल में भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा सका है। उन्होंने कहा कि केंद्र की सरकार पूरी पारदर्शिता और प्रमाणिकता के साथ काम कर रही है।
भाजपा की विस्तार योजना के तहत झारखंड के तीन दिन के दौरे पर आए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार पर अभी तक भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा है जबकि पिछली यूपीए सरकार पर 12 लाख करोड़ रुपए से अधिक के घोटाले करने के आरोप हैं। अपनी यात्रा के दूसरे दिन शनिवार को शाह ने कहा कि वे भाजपा की विचारधारा का विस्तार करने की नीयत से यहां आए हैं।
उन्होंने कहा - तीस साल के बाद 2014 में देश की जनता ने देश में पूर्ण बहुमत की स्थिर सरकार चुनने का काम किया है और तीन वर्ष में केंद्र की नरेंद्र मोदी की सरकार ने बड़े परिवर्तन किए हैं। देश की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस पर हमला बोलते हुए शाह ने कहा कि पंडित नेहरू के नेतृत्व में कांग्रेस ने आजाद भारत में नई सरकार का गठन किया और तब से ही कांग्रेस पार्टी परिवारवाद की राजनीति में उलझ कर रह गई।
शाह ने कहा- कांग्रेस में परिवारवाद के चलते वहां योग्यता को आगे नहीं बढ़ाया जाता है। वहां कांग्रेस का अध्यक्ष बनने के लिए या देश का प्रधानमंत्री बनने के लिए योग्यता किसी परिवार में पैदा होना ही है जबकि यह भाजपा में ही संभव है कि यहां एक चाय बेचने वाले गरीब का बेटा भी देश का प्रधानमंत्री बन सकता है।
उन्होंने कहा कि बिहार का हिस्सा रहे झारखंड में भाजपा के नेतृत्व में बनी पूर्ण बहुमत की सरकार ने पिछले तीन साल में तेजी से विकास किया है। इसका एक उदाहरण है कि सरकार बनने के एक वर्ष के भीतर यह राज्य ईज आफ डूइंग बिजनेस में देश में 36वें स्थान से तीसरे स्थान पर आ गया। इतना ही नहीं झारखंड में आर्थिक विकास की दर पिछले वित्त वर्ष में पूरे देश में गुजरात के बाद सबसे अधिक थी और यहां 8.6 प्रतिशत की दर से विकास हुआ।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें