रांची। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के अमेरिका में दिए भाषण के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने उन्हें दूसरी बार निशाना बनाया है। वंशवाद के मसले पर राहुल को निशाना बना चुके शाह ने शनिवार को उनका मजाक उड़ाते हुए कहा कि राहुल बाबा ने जितना दिया है, भाजपा ने उससे तीन गुना दिया है। शाह ने उनसे उनकी चार पीढ़ियों के काम का हिसाब मांगा और चुटकी लेते हुए कहा कि राहुल बाबा अमेरिका जाकर हमसे सवाल पूछते हैं।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा - राहुल बाबा आपकी चार पीढ़ियों ने काम किया और आप उनके काम का हिसाब दें। उन्होंने कहा कि झारखंड को अटल बिहारी वाजपेयी ने बनाया है और अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संवारेंगे। शाह ने कहा कि मोदी हर मोर्चे पर झारखंड के साथ हैं और झारखंड के विकास के लिए चट्टान की तरह साथ खड़े हैं।
उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास को अच्छे काम के लिए संगठन और पार्टी के करोड़ों कार्यकर्ताओं की ओर से बधाई दी और राज्य सरकार के एक हजार दिन पूरे होने को लेकर अग्रिम शुभकामनाएं दीं। शाह ने कहा - आज झारखंड गुजरात के बाद सबसे तेजी से विकास करने वाला राज्य है। झारखंड की सकल घरेलू उत्पाद, जीडीपी 8.6 फीसदी की दर से बढ़ रही है। एक हजार करोड़ रुपए आदिवासियों के कल्याण के लिए दिए गए हैं। हमारी सरकार का लक्ष्य झारखंड को विकसित राज्य बनाना है।
भाजपा अध्यक्ष देश के 110 दिनों की यात्रा के क्रम में झारखंड के दौरे पर आए हैं। अपनी यात्रा के दूसरे दिन उन्होंने मुख्यमंत्री रघुवर दास की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने एक हजार दिन में झारखंड का कायाकल्प कर दिया। उन्होंने कहा कि एक हजार दिन पूरे होने पर दास का महिमामंडन होना था, लेकिन रघुवर सरकार ने गरीब कल्याण के रास्ते को चुना। उन्होंने कहा - रघुवर सरकार ने एक हजार दिन में दिखा दिया कि विकास के लिए परिवर्तन कैसे होता है। गरीब कल्याण मेला का आयोजन कर सरकार गरीबों के पास जाने का काम कर रही है। यह झारखंड सरकार का अद्वितीय और सराहनीय कदम है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें