जयपुर। प्रदेश में बढ़ते अपराधों को लेकर एक बार फिर से बीजेपी ने राज्य सरकार पर हमला बोला है। पूर्व मंत्री राजपाल सिंह शेखावत ने प्रदेश में बढ़ते अपराधों को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कानून व्यवस्था अगर पुख्ता नहीं होगी तो शहरी जीवन सुखद नहीं होगा।
राजपाल ने कहा कि लॉ एंड ऑर्डर खराब होता है तो सिविलाइजेशन खत्म हो जाता है। प्रदेश में 22 महीने से कांग्रेस की सरकार है, जिसमें लगातार अपराध बढ़ रहे हैं। राजपाल सिंह ने आरोप लगाया कि लॉ एंड ऑर्डर को लागू करने की जिम्मेदारी जिन एजेंसी पर है उनसे अपनों की जासूसी करवाने का काम करती रही। पिछले 22 महीनों में राजस्थान में पौने पांच लाख से ज्यादा अपराधिक मामले दर्ज हुए हैं। दलितों के खिलाफ अपराध के 12000 से ज्यादा मामले दर्ज हुए हैं। महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों में राजस्थान नंबर दो पर है।
पूर्व मंत्री राजपाल सिंह शेखावत ने कहा कि जहां पर अपराध बढ़ जाएं वहां विकास कैसे संभव हो सकता है? शेखावत ने तंज कसते हुए कहा कि राजस्थान में लगता है होम मिनिस्टर और फाइनेंस मिनिस्टर नहीं हैं। वहां विकास की बात करना अपने आप ने मजाक है। उन्होंने कहा कि जयपुर का ट्रैफिक प्लान भी बनाया जाना चाहिए।
शेखावत ने आरोप लगाया कि सरकार के पास जेडीए और नगर निगम में तनख्वाह देने तक के लिए बजट नहीं है। उन्होंने कहा कि तनख्वाह देने के लिए प्रॉपर्टीज बेची जा रही हैं। 22 महीने में लैंड पूलिंग एक्ट में आज तक काम नहीं हुआ। पिछले 22 महीने में एक नया प्रोजेक्ट सरकार नहीं लेकर आई है। यहां तक कि मुख्यमंत्री आवास योजना में जो मकान बने हैं, उनका आवंटन तक नहीं हुआ।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें