मंगलवार, 9 अक्टूबर 2018

राहुल जनसभा में मोदी-वसुंधरा पर खूब गरजे

धौलपुर। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी मंगलवार को राजस्थान के चुनावी रण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पर खूब गरजे। राहुल गांधी आज प्रदेश के धौलपुर जिले के मानिया में जनसभा को संबोधित कर रहे हैँ। इस दौरान मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट और कांग्रेस प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे मौजूद रहे। 

जनसभा के दौरान राहुल गांधी ने अशोक गहलोत के पांच साल के कार्यकाल में किए गए कामों का विवरण जनता के सामने रखा। वहीं मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के साढ़े चार साल की विफलताएं भी जनता को बताई। राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस ने आपको मनरेगा दिया, हर गरीब व्यक्ति को रोजगार, सूचना का अधिकार, भोजन-शिक्षा दी और गहलोत ने मुफ्त दवाई भी दी। जनसभा के दौरान राहुल गांधी ने जनता से ही सवाल किया कि आप बताएं मोदीजी और वसुंधराजी ने गरीबों के लिए क्या किया? राहुल के सवाल पर सभा स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। 

राहुल गांधी ने जनसभा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खूब आलोचना की। उन्होंने कहा कि मोदी ने नोटबंदी कर जनता की जेब से पैसा निकालकर अमीरों की जेबों में डालने का काम किया है। मोदी ने किसानों का कर्ज माफ नहीं कर अरबपतियों का साढ़े तीन करोड़ रुपए का कर्ज माफ किया है। ऐसे बीसों अरबपति हैं जिनका कर्ज माफ किया गया है। इनमें विजय माल्या, नीरव मोदी और मेहुल चौकसी कर्ज लेकर भाग गए। 

राहुल ने आगे कहा कि ''मैं एक बार पीएमओ गया था। मैंने किसानों का कर्ज माफ करने के लिए उनसे आग्रह किया था। लेकिन मोदी ने इस आग्रह पर मौन साध लिया था। उनके मुंह से एक शब्द भी इस बारे में नहीं निकला।'' जनसभा के दौरान राहुल पूरी स्पीच में पीएम मोदी और सीएम वुसंधरा राजे पर आक्रामक मुद्रा में नजर आए।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें