जयपुर। राज्य की ब्यूरोक्रेसी में बदलाव की प्रक्रिया जारी है। पिछली तबादला सूची में मुख्य सचिव के पद से हटाये गए डीबी गुप्ता को सीएम अशोक गहलोत का सलाहकार नियुक्त किया गया है। वहीं अलवर जिले में रिक्त चल रहे कलक्टर के पद पर नई निुयक्ति कर दी गई है। जबकि उदयपुर और चित्तौड़गढ़ जिलों के कलक्टर बदल दिए गए हैं। कार्मिक विभाग ने रविवार देर रात इसके आदेश जारी कर दिये हैं।
2 जुलाई को हटाये गए थे सीएस के पद से
ब्यूरोक्रेसी की सर्जरी के इस दौर में बड़े ही नाटकीय अंदाज में पिछले चार दिनों से जारी सस्पेंस से पर्दा उठ गया है। पूर्व मुख्य सचिव डीबी गुप्ता को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का सलाहकार नियुक्त किया गया है। 2 जुलाई को जारी तबादला सूची में डीबी गुप्ता को मुख्य सचिव के पद से हटा दिया गया था। लेकिन कार्मिक विभाग ने उन्हें किसी दूसरी जगह पोस्टिंग नहीं दी थी। उसके बाद रविवार रात को कार्मिक विभाग ने आदेश जारी कर डीबी गुप्ता को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का सलाहकार नियुक्त कर दिया है।
आनंदी होंगी अब अलवर कलक्टर
कार्मिक विभाग के आदेश के अनुसार उदयपुर की कलक्टर आनंदी को अब अलवर का कलक्टर बनाया गया है। आनंदी इन्द्रजीत सिंह का स्थान लेंगी। सिंह का तबादला सरकार ने हाल ही में जोधपुर कलक्टर के पद पर कर दिया था। 2 जुलाई को तबादला सूची जारी होने के बाद भी अलवर में कलक्टर नहीं लगाया था। अब राज्य सरकार ने आनंदी को अलवर का नया जिला कलेक्टर नियुक्त किया है। वहीं एपीओ चल रहे किशोर कुमार शर्मा चित्तौड़गढ़ कलक्टर बनाए गए हैं। चित्तौड़गढ़ के जिला कलेक्टर चेतनराम देवड़ा को उदयपुर का कलक्टर बनाया गया है।
अटकलों पर विराम, सस्पेंस खत्म
पूर्व मुख्य सचिव डीबी गुप्ता को राज्य सरकार ने रिटायरमेंट से 3 महीने पहले पद से हटा दिया था। ऐसे में कयास लगाए जा रहे थे कि राज्य सरकार डीबी गुप्ता को राज्य सूचना आयोग का अध्यक्ष बना सकती है। लेकिन इस बीच मुख्यमंत्री ने डीबी गुप्ता को अपना सलाहकार नियुक्त कर दिया। अब माना जा रहा है कि रिटायरमेंट के बाद राज्य सरकार डीबी गुप्ता को सम्मानजनक पद देगी। उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार ने चार दिन पहले चौंकाने वाला निर्णय लेते हुए डीबी गुप्ता को पद से हटा दिया था। गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजीव स्वरूप को राज्य का नया मुख्य सचिव बना दिया गया था। इससे ब्यूरोक्रेसी में इसे लेकर अटकलों और चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया था।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें