मंगलवार, 28 जुलाई 2020

मायावती की मदद भाजपा को

बहुजन समाज पार्टी की नेता मायावती कांग्रेस का और खास कर प्रियंका गांधी वाड्रा का विरोध करते करते भाजपा के साथ चली गईं। पहले वे कांग्रेस का विरोध करती थीं। वे प्रियंका गांधी के राजनीतिक दांव-पेंच को ड्रामा बताती थीं पर साथ साथ भाजपा का भी विरोध करती थीं। लेकिन अब खुल कर भाजपा का साथ देने लगी हैं। उनकी पार्टी ने राजस्थान की राजनीतिक उठापटक में जिस तरह से अपने लिए अवसर देखा है वह उनके भाजपा के साथ जाने का स्पष्ट संकेत है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि इसके लिए भाजपा और उनके बीच बात हुई है या वे खुद ही अपनी सेवा वालंटियर कर रही हैं। पर यह तय है कि उनकी सेवाओं से भाजपा को बड़ा फायदा हो सकता है। राजस्थान में जीते उनकी पार्टी के छह विधायक कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। अब तक बहुजन समाज पार्टी इस पर चुप्पी साधे हुए थी पर जैसे ही राजनीतिक संकट शुरू हुआ बसपा ने कांग्रेस पर हमले शुरू कर दिए। अब तो पार्टी ने उन छह विधायकों के लिए व्हिप जारी कर दिया है और कहा है कि सदन में उन्हें कांग्रेस के खिलाफ वोट करना है। जाहिर है वे विधायक इसका पालन नहीं करेंगे, तब फिर पार्टी उनकी सदस्यता खत्म करने का अनुरोध स्पीकर से करेगी और यह मामला अदालत में भी ले जाएगी।

उससे पहले छह विधायकों के कांग्रेस में विलय का मुद्दा भी पार्टी हाई कोर्ट में ले गई है। पार्टी के महासचिव सतीश चंद्र मिश्र ने विधायकों को व्हीप जारी करने और उनके विलय को अमान्य बताते हुए कह रहे हैं कि बहुजन समाज पार्टी एक मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय पार्टी है और उसकी राज्य ईकाई का विलय दूसरी पार्टी में नहीं हो सकता है, जब तक राष्ट्रीय ईकाई का नियमानुकूल विभाजन या विलय नहीं होता है। अदालत दलबदल कानून की व्याख्या के बाद अगर इस पर सहमत होती है तो कई राज्यों की सरकारों पर संकट आएगा। बहरहाल, कांग्रेस के नेता मान रहे हैं कि इस मामले को इस तरह से कानूनी रूप देकर उलझाने के बीच अकेले बसपा की सोच नहीं है। बसपा को इसके लिए हर तरह की मदद भाजपा से मिल सकती है। वैसे भी मायावती इस बात से खार खाए हुए थीं कि कांग्रेस ने उनकी पार्टी के विधाकों का विलय कराया। दूसरे वे उत्तर प्रदेश में प्रियंका गांधी वाड्रा की सक्रियता से भी परेशान हैं। सो, यह मौका देख कर उन्होंने कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अब वे कांग्रेस को कमजोर करने की भाजपा की मुहिम का हिस्सा हैं।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें