जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डाॅ. सतीश पूनिया ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इतने दिन आॅफ लाइन थी, अब वह आॅनलाइन होने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस पार्टी की तरफ से जन घोषणा पत्र के लिए आॅनलाइन सुझाव मांगे जाने की चर्चा करते हुए पूनिया ने कहा कि कांग्रेस पार्टी भाजपा की नकल करने का प्रयास करती है, लेकिन नकल में भी अक्ल की जरूरत होती है। कांग्रेस पार्टी भाजपा की नकल करते हुए ‘‘मेरा बूथ-मेरा गौरव’’ कार्यक्रम कर रही थी, लेकिन वह कार्यक्रम कांग्रेस के लिए ‘‘मेरा बूथ-मेरा जूत’’ बन गया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी स्वयं भ्रमित है और मुख्यमंत्री के नाम पर प्रदेश की जनता को भ्रमित कर रही है। किन्तु राजस्थान की जनता को पता है कि राहुल गाँधी की पसन्द क्या है। लेकिन अपनी पसन्द जाहिर करने से राहुल गाँधी घबराते है। कांग्रेस पार्टी में मुख्यमंत्री पद के लिए अशोक गहलोत व सचिन पायलट में तो मतभेद चल ही रहे थे, अब रामेश्वर डूडी भी इस रेस में शामिल हो गये है।
पूनिया ने कहा कि प्रदेश के साढ़े चार करोड़ मतदाताओं में से लगभग 2 करोड़ मतदाता प्रदेश की भाजपा सरकार की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हुए है। भामाशाह योजना ने 75 लाख से अधिक लोगों को राहत दी है।
उन्होंने बूथ महासम्पर्क अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश के 51 हजार से अधिक बूथों पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। अभियान की शुरूआत प्रदेश चुनाव प्रभारी एवं केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावडे़कर ने जयपुर के आराध्य देव गोविन्ददेवजी मन्दिर में पूजा-अर्चना कर की। मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने झालावाड़ में, केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने बीकानेर में गृह मंत्री गुलाबचन्द कटारिया ने उदयपुर में बूथ महासम्पर्क अभियान के तहत जनसम्पर्क किया।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें