![]() |
| नगर पंचायत, राजगीर |
वार्ड के कुल पांच टोले यादव टोला, नाई टोला, उपाध्याय टोला, माली टोला व मिश्रा टोला है। जहां समस्याओं का अंबार है। नाई टोले में वुडको द्वारा सेवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के तहत एक्सटेंशन कनेक्शन मे गलियों की खुदाई कर छोड़ दिए जाने से आए दिन दुर्घटना होने लगी है। वहीं नाई टोले मे बिजली के कवर तार व नए पोल के लगाने की प्रक्रिया के तहत विद्युत विभाग द्वारा कुछ समय पूर्व पुराने पोल हटाने के बाद इस पर पहल नहीं होने से आम लोगों को लगभग पांच सौ फीट की दूरी से वैकल्पिक व्यवस्था कर अपने घरों तक बिजली का कनेक्शन लाना पड़ रहा है। जो कभी भी दुर्घटना का कारण बन सकता है। इस वार्ड में सन् 1955 में ही पेयजलापूर्ति के लिए पाइप लाइन बिछाया गया था जो जर्जर हो चुका है। पेयजल की जगह अब इन पाइपों से गंदा जल निकलने लगा है। लोगों की मानें तो माली टोला, उपाध्याय टोला मे पेयजलापूर्ति लगभग तीन साल से नियमित नही है। इन टोलों में चापाकल की स्थिति भी असंतोषजनक दिखी। वहीं उपाध्याय टोला व अन्य मे भौगोलिक ऊंचाई के कारण समस्याओं की मार झेल रहा है। यहां सफाई व प्रकाश व्यवस्था की स्थिति असंतोषजनक दिखी। नियमित सफाई कर्मियों के नहीं आने के कारण टोले मे सफाई का जिम्मा लोगों ने स्वयं उठाया है। इस क्रम मे निचली बाजार के विभिन्न नालियों की सफाई के दौरान घरों के दरवाजों के सामने से हटाए गए स्लैब को पुन: नालियों को नहीं ढ़के जाने से दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। जबकि उपाध्याय टोले के विभिन्न गलियों मे प्रकाश व्यवस्था नहीं है। वहीं नाई व यादव टोले मे सेवरेज के पाईप लाईन बिछाने के क्रम मे खुदाई होने से यातायात प्रभावित है।
क्या कहते हैं लोग -
हमारे घरों के आगे की नालियों की सफाई के बाद सफाई कर्मियों द्वारा हटाये गये स्लैब को पुन: नाली को नहीं ढकने से बच्चों व महिलाओं के मन में दुर्घटना का भय बना रहता है। वहीं नालियों की सफाई के बाद निकासी की गई गंदगी का समय से उठाव नही होने से परेशानी है बनी रहती है। संजय कुमार गुप्ता
हमारे मोहल्ले की गली में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के तहत पाइप लाइन बिछाने के लिए खुदाई तो हुई। परंतु न तो पाइप लाइन बिछा और ना ही गली को मरम्मत की गई। वहीं पेयजल की समस्या से इस टोले के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिसके निराकरण पर पहल की कवायद दिखाई नहीं देती। संजू देवी
हमारे टोले के विभिन्न बिजली खंभों पर प्रकाश व्यवस्था के तहत बल्ब की व्यवस्था का अभाव है। वहीं सीवरेज के लिए पाइप लाइन बिछाने के क्रम मे हुई खुदाई से उबड़-खाबड़ की स्थिति बन गई है। दो कदम भी आसानी से चलना मुश्किल है। रात के अंधेरे मे गुजरते लोगों को भारी फजीहत का सामना करना पड़ रहा है। उदय शंकर उपाध्याय
पानी की समस्या तो है ही। कई सालों से इस मुहल्ले मे विभागीय पेयजलापूर्ति की सुविधा का घोर अभाव है। जिनके घरों मे वैकल्पिक तौर पर सबमरसेवल व अन्य है। उनके घरों से उनके पड़ोसियों को पानी के लिए निवेदन करते देखा जा सकता है। इस समस्या का निदान आवश्यक है। शोभा देवी
खुले नालियों की हालत और गलियों की दुर्दशा ने आम जन जीवन को बेहद प्रभावित कर रखा है। वहीं विभिन्न मदों मे दी जाने वाली लाभूकों को पेंशन की राशि का नियमित न होना इस वार्ड की पहचान बन चुकी है। जबकि पेयजल व प्रकाश व्यवस्था की समस्या मुंह चिढ़ाती नजर आती है। विजय कुमार चंद्रवंशी
हमारे टोले के मार्ग की हालत काफी खराब है। आवागमन करते स्कूली बच्चों व दैनिक कार्यों मे लगे लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। पानी के लिए दो मे से मात्र एक चालू चापाकल के बल पर पूरे मुहल्ले के निवासियों के पेयजल से संबंधित कष्टों का निवारण बमुश्किल हो रहा है। सुलोचना देवी
माली टोला मे खराब व जर्जर हो चुके रास्ते के वजह से आवागमन करते लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं पेयजलापुर्ति की समस्या लगभग तीन साल से बनी हुई है । जिसमें एक चापाकल से लोगों की प्यास बुझा पाना कठिन हो रहा है। इस पर पहल होना अतिआवश्यक है। निरंजन मालाकार
पिछले चार माह से हम बूढों को वृद्धा पेंशन का लाभ नहीं मिल पाया है। जिससे हमारा दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित है। दवाईयों के अलावा इस उम्र मे अपने जरूरत संबंधी संसाधनों का जुगाड़ कर पाना बेहद मुश्किल हो रहा है।इस लाभांश को नियमित व समय पर किया जाना चाहिए। जानकी देवी
क्या कहतीं है वार्ड पार्षद
वार्ड पार्षद ज्योति देवी ने कहा कि हमने अपने वार्ड के विभिन्न समस्याओं की सूची बना रखी है। समस्याओं का निराकरण क्रमबद्ध किया जा रहा है। मुख्यमंत्री सात निश्चय योजनाओं के क्रियान्वयन पर पहल की कवायद प्रारंभ कर दी है। जिसके प्रति संवेदनशील व गंभीरतापूर्वक नगर पंचायत बोर्ड की अगली होने वाली बैठक मे इसका मसौदा तैयार कर अतिशीघ्र कई मूलभूत व बुनियादी सुविधाओं को बहाल करने पर जोर दिया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें