जयपुर । केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने शनिवार को जयपुर के जेईसीआरसी विश्वविद्यालय में तकनीकी कार्यक्रम स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन 2019 का शुभारंभ किया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन युवाओं के लिए अपनी खोज के द्वारा समस्याओं का समाधान निकालने का सबसे बेहतर माध्यम है। भारत के युवा प्रतिभावान हैं और यह भारत में खोज की सबसे बड़ी प्रतिस्पर्धा है। उन्होंने कहा कि जो खोज व शोध करते हैं वही आगे जाते हैं और उनकी ही समृद्धि बढ़ती है। यह कार्यक्रम देश में 3 वर्षों से चलाया जा रहा है और यह युवाओं के लिए सबसे बेहतर सोच और खोज की महत्वपूर्ण प्रतियोगिता है। इसके माध्यम से युवा देश में खोज की संस्कृति को पैदा कर रहे हैं।
इस दो दिवसीय कार्यक्रम में युवा विभिन्न विषयों की समस्याओं के समाधान निकालेंगे। जावडेकर ने कहा कि स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन में छात्र 300-400 समस्याओं में से एक समस्या का समाधान निकालते हैं। इसमें छात्र अपनी छह सदस्यों की टीम के साथ समस्या का बेहतर से बेहतर समाधान निकालते हैं। इसके माध्यम से छात्र विभिन्न समस्याओं पर चर्चा करते हैं उसका अध्ययन के साथ प्रयोग कर फाइनल राउंड में आते हैं। यह प्रतियोगिता देश के 48 केन्द्रों पर लगातार 36 घंटे तक 11000 विध्यार्थियों द्वारा समस्याओं के बेहतर समाधान निकालने में लगी है। इस प्रतियोगिता के अंतर्गत पिछले सालों में प्रथम वर्ष 40000, दूसरे वर्ष 1 लाख और इस वर्ष 2 लाख विध्यार्थियों ने भाग लिया है। इसके माध्यम से प्रथम वर्ष में 19 समस्याओं के समाधान सफलता पूर्वक निकाले गए हैं और इस वर्ष भी विध्यार्थी अधिक से अधिक समस्याओं का समाधान निकालने में सफल होंगे। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी काबिलियत दिखाने का मौका मिलेगा। जून में हार्डवेयर हैकाथॉन को आयोजन किया जाएगा।
स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन 2019 में देशभर में 1700 शैक्षणिक संस्थानों में से 48संस्थानों को नोडल के रूप में चयनित किया गया है। इस हैकाथॉन में 42000 टीमों के दो लाख विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन 2019 में भारत सरकार के 18 मंत्रालयों और देश की 95 मल्टीनेशनल कंपनियों के लिए 1 लाख विद्यार्थियों द्वारा स्मार्ट कम्युनिकेशन, एग्रीकल्चर एवं रूरल डवेलपमेंट, वेस्ट मैनेजमेंट, क्लीन वाटर, स्मार्ट व्हीकल, आर्टिफिशियल इंटेलीजेंसी, हैल्थ केयर, रिन्युवल एनर्जी जैसी समस्याओं के तकनीकी समाधान निकालेंगे जिससे भारत के विकास को गति मिल सकेगी।
स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन में प्रतिभागी मिनिस्ट्री ऑफ पावर, मिनिस्ट्री ऑफ कल्चर के साथ साथ हीरो इलेक्ट्रॉनिक व्हीकल और टाटा मोटर्स के लिए भी विभिन्न समस्याओं का समाधान निकालेंगे। इस हैकाथॉन में अडानी ग्रुप, डेल, सिसका, इसरो, पेटीएम, महेंद्रा ग्रुप जैसी संस्थाओं के भी समस्या का तकनीकी समाधान निकालेंगे । जेईसीआरसी नोडल केंद्र पर देश के 11राज्यों के 32 टीमों के प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। इसके अंतर्गत 2.5 करोड़ रुपए से अधिक की राशि पुरस्कार के रूप में दी जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें