चुनावी मौसम में नेताओं और अभिनेताओं का राजनीति दलों में शामिल होने का सिलसिला शुरू हो चुका है। इसी सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए अब बॉलीवुड अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर बुधवार को कांग्रेस में शामिल हो गई हैं। उर्मिला मातोंडकर ने पार्टी के अध्यक्ष राहुल गांधी की अध्यक्षता में कांग्रेस में शामिल हुईं। इससे पहले दक्षिण सिनेमा के मशहूर अभिनेता मोहन बाबू ने वाईएसआर कांग्रेस ज्वाइन किया था।

मशहूर फिल्म अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर बुधवार को औपचारिक रूप से कांग्रेस में शामिल हो गयीं। उन्होंने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर जितने सवाल हुए हैं उसका जवाब देने के लिए वह कांग्रेस में शामिल हो रहीं हैं।
कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख रणदीप सिंह सुरजेवाला ने पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि सुश्री मातोंडकर ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने से पहले पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी से उनके आवास पर मुलाकात की। सुश्री मातोंडकर ने मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष मिलिंद देवड़ा तथा मुंबई उत्तर-पश्चिम लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार संजय निरुपम की मौजूदगी में कांग्रेस की औपचारिक सदस्यता ग्रहण की।
खबरों के मुताबिक, उनके मुंबई नॉर्थ सीट से चुनाव लड़ने की बात सामने आ रही हैं, हालांकि कांग्रेस के नेताओं और उर्मिला की ओर से इस खबर को लेकर कोई भी बात नहीं कही गयी है। खबरों के चर्चा में आने के बाद मीडिया ने मुंबई कांग्रेस नेता संजय निरूपम, राज्य कांग्रेस के प्रवक्ताओं और उर्मिला मातोंडकर के पारिवारिक सदस्यों से संपर्क साधने की कोशिश की, लेकिन सभी ने इस बारे में टिप्पणी करने से साफ इनकार कर दिया।
मुंबई उत्तर सीट से अभिनेता गोविंदा भी कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं। साल 2004 लोकसभा चुनाव में गोविंदा ने इस सीट पर 5 बार सांसद रहे राम नाइक को हरा दिया था। इसके बाद साल 2009 में इस सीट से संजय निरूपम सांसद बनें, लेकिन साल 2014 में यह सीट कांग्रेस के हाथ से निकल गई। भाजपा के गोपाल शेट्टी ने संजय निरूपम को पराजित कर दिया था। इस सीट को भाजपा का गढ़ माना जाता है।
अगर उर्मिला मातोंडकर को मुंबई उत्तरी लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया जाता है तो उनका मुकाबला भाजपा के मौजूदा सांसद गोपाल शेट्टी से होगा।
गौरतलब है कि फिल्म 'रंगीला' से शोहरत हासिल करनेवाली अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर ने साल 1981 में बतौर बाल कलाकार फिल्म 'कलयुग' से बॉलीवुड में डेब्यू किया था. उन्होंने पर्दे पर 'रंगीला', सत्या, जुदाई, कौन, मस्त, दिल्लगी, भूत और जंगल जैसी फिल्मों में बेहतरीन एक्टिंग से दर्शकों का दिल जीत चुकी हैं।
सुश्री मातोंडकर ने कहा कि पिछले चार-पांच साल के दौरान देश में अभिव्यक्ति की आजादी पर असंख्य बार हमला हुआ है और एक कलाकार के रूप में इस तरह के माहौल से वह आहत हैं। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर जितने सवालिया निशान लगाए गये हैं, उन सबका जवाब देने के लिए वह कांग्रेस में शामिल हो रहीं हैं। उन्होंने कहा कि वह चुनावी मौसम के कारण कांग्रेस में शामिल नहीं हो रही हैं बल्कि आरंभ से ही इसकी विचारधारा से प्रभावित रही हैं। कांग्रेस अध्यक्ष में सबको साथ लेकर चलने की क्षमता है और पार्टी की विचारधारा सबको सम्मान देने और लोकतंत्र को मजबूत करने की रही है। कांग्रेस के प्रति इन्हीं कारणों से उनका आकर्षण रहा है और वह अब पार्टी में शामिल हो रही हैं। उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस में आयी हैं और अब यहीं रहेंगी तथा कांग्रेस में रहकर लोगों की सेवा करेंगी।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें