गुरुवार, 17 मई 2018

अरूण चतुर्वेदी भाजपा का न केवल बचाव करने पहुंचे बल्कि कांग्रेस पर किया पलटवार, कहा- सौ चूहे खाकर 'कांग्रेस' हज को चली

जयपुर। कर्नाटक में भाजपा नेता येदुरप्पा ने गुरुवार को मुख्यमंत्री की शपथ ले ली है। जिसके चलते कर्नाटक के बाद प्रदेश में भी कांग्रेस ने प्रदर्शन किया और आज के दिन को लोकतंत्र की हत्या बताया। इस पर प्रदेश सरकार में मंत्री अरुण चतुर्वेदी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है।

प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अरूण चतुर्वेदी भाजपा का न केवल बचाव करने पहुंचे बल्कि आजादी से बाद तक के कांग्रेस के सरकार बनाने के लिए किये गैर-संवैधानिक कामों की लिस्ट भी सामने रख थी। चतुर्वेदी ने कहा कि कांग्रेस प्रलाप कर रही है कि कर्नाटक में लोकतंत्र की हत्या हुई है। यह महज़ एक मज़ाक के सिवाय और कुछ नहीं है, ऐसा लगता है कि सौ-सौ चूहे खाकर कांग्रेस हज पर जाने की बात कर रही है


चतुर्वेदी ने आरोप लगाया कि आजादी से लेकर अब तक अपनी सुविधा के अनुसार कांग्रेस ने संविधान को चीर-चीर करते हुए सत्ता को अपने हिसाब से इस्तेमाल किया है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि कांग्रेस ने 1977 से पहले जिस तरह से इलाहाबाद उच्च न्यायालय के फैसले के बाद इंदिरा गांधी सरकार को बर्खास्त किया और उन्होंने देश में अपातकाल लगा दिया।


उसके बाद लोकसभा कार्यकाल को भी 5 की जगह 6 साल कर दिया। उस समय कांग्रेस ने कौनसी लोकतंत्र की रक्षा की थी। इसी तरह कांग्रेस ने हमेशा अपनी सत्ता और कुर्सी को बचाने के लिए संविधान को बदला और ​2005 में बिना बहुमत के ही झारखंड में शिबु ​शोरेन को मुख्यमंत्री बनाया। उत्तरप्रदेश में कल्याण सिंह की सरकार को बर्खास्त किया जिसे कोर्ट ने असंवैधानिक बताया तो वापस कल्याण सिंह को मुख्यमंत्री बनाना पड़ा। इस कांग्रेस ने देवी लाल को हटाकर भजन लाल को मुख्यमंत्री बनाया।


1996 में गुजरात में सुरेश मेहता को विश्वास मत हासिल करने के बाद भी उस सरकार को हटाया। चतुर्वेदी ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आने के लिए बगुला-भगत बन रही है। जो खुद दूसरी पार्टी के कंधे पर बैठकर सरकार का लाभ लेने का प्रयास कर रही है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें