जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की ओर से पेश किया गया राजस्थान का बजट विधानसभा में 13 मार्च को पारित होगा। कार्य सलाहकार समिति का सदन में प्रतिवेदन पेश करते हुए सरकारी मुख्य सचेतक महेश जोशी ने बताया कि 24 फरवरी से शुक्रवार 27 फरवरी तक सदन में बजट पर बहस होगी।
27 फरवरी को शाम 5 बजे सीएम अशोक गहलोत बजट बहस का जवाब देंगे। सदन में 28 फरवरी से अनुदान मांगों पर बहस शुरू होगी। 29 फरवरी और 1 मार्च को विधानसभा की छुट्टी रहेगी। 2 मार्च से 6 मार्च तक अनुदान मांगों पर बहस होगी। मार्च में शनिवार को भी विधानसभा चलेगी।
7 मार्च शनिवार को सदन में दो बिल पारित होंगे। नगरपालिका संशोधन विधेयक और अधिवक्ता कल्याण संशोधन विधेयक बहस के बाद पारित होंगे। होली के त्यौहार पर 8, 9, 10, 11 मार्च को विधानसभा की छुट्टी रहेगी। 12 मार्च को शेष अनुदान मांगों को मुखबंद का प्रयोग करके पारित करवाया जाएगा। 13 मार्च को सदन में बजट पारित होगा, सदन में वित्त विधेयक और विनियोग विधेयक पारित होंगे।
राजस्थान विधानसभा में बजट पर बहस के लिए विधानसभा अध्यक्ष ने समय का आवंटन किया है। बजट बहस के लिए कांग्रेस को 8 घंटे 31 मिनट, बीजेपी को 5 घंटे 46 मिनट का समय, आरएलपी को 15 मिनट, सीपीएम, बीटीपी, आरएलडी को 10-10 मिनट और निर्दलीयों को 1 घंटे 03 मिनट का समय दिया गया है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें