मंगलवार, 18 फ़रवरी 2020

शास्त्री नगर विज्ञान केन्द्र पर गांधी एवं विज्ञान प्रदर्शनी का उद्घाटन

जयपुर। विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग की शासन सचिव मुग्धा सिन्हा ने कहा कि विज्ञान नवाचार, विचार, जिज्ञासा एवं भावना को प्रस्तुत करता है। उन्होंने कहा कि विज्ञान हमें पूर्ण करता है और रुढ़िवादी धारणाओं से मुक्त करता है। अतः विज्ञान के साथ चलना आवश्यक है। उन्होंने महर्षि दयानंद सरस्वती और समाज में लाए गए सुधारों को भी याद किया।

सिन्हा मंगलवार को यहां शास्त्री नगर स्थित विज्ञान केन्द्र में विज्ञान पखवाड़ा के तहत आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रही थी। इस अवसर पर सिन्हा एवं गांधी केन्द्र के निदेशक डॉ. राजेश शर्मा ने विज्ञान एवं गांधी प्रदर्शनी का भी उद्धाटन किया।

121 फीट खादी पर गांधी का सचित्र जीवन: शास्त्री नगर के विज्ञान केन्द्र में 121 फीट खादी पर गांधी का सचित्र जीवन की प्रदर्शनी में महात्मा गांधी के जीवन की घटनाओं को दर्शाया गया है। इसमें महात्मा गांधी एवं विज्ञान के प्रति उनके नजरिये को भी प्रदर्शित किया गया है। गांधी के जन्म से निर्वाण तक के वास्तविक चित्र खादी पर उकेरे गये हैं। यह प्रदर्शनी अविस्मरणीय एवं अद्भुत है। प्रदर्शनी स्थल पर सेल्फी कार्नर बनाया गया है।

कार्यक्रम के दौरान मुखर प्रौद्योगिकी पर व्याख्यान श्रृंखला का आयोजन किया गया। डॉ. अरविंद ने प्रोस्थेटिक्स से संबंधित विभिन्न नई तकनीकों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने चिकित्सा में विज्ञान के योगदान पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यदि हम सही समय पर सही तकनीकी को अपनाये तो बहुत सारी तकलीफों से बचा जा सकता है।

इसके बाद सतीश गुप्ता, प्रवक्ता गवर्नमेंट महाराजा स्कूल द्वारा विज्ञान में जादू पर व्याख्यान दिया गया। उनकी आकर्षक प्रस्तुतियों ने जादू के गुर के पीछे के विज्ञान को समझाया। इस कार्यक्रम का स्कूल और कॉलेज के छात्रों ने खूब आनंद लिया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न शिक्षण संस्थानों द्वारा विज्ञान तकनीकी मॉडल का प्रदर्शन किया गया।

इस दौरान बीर, फ्रेंकोइस और रमी द्वारा रचित ‘‘जयपुर- अ प्लेनड सिटी ऑफ राजस्थान” नमक पुस्तक का विमोचन किया गया। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न स्कूल के छात्र छात्राओं ने पारंपरिक प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें