राहुल गांधी से मुलाकात के बाद बोले गहलोत, चुनाव में हार-जीत होती रहती है,वे सही फैसला लेंगे,हमारे विचारों पर ध्यान देंगे
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के निवास पर कांग्रेस शासित पांच राज्यों के मुख्यमंत्रियों की मुलाकात खत्म हो गई है। मुलाकात के बाद राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पत्रकारों को बताया कि यह एक अच्छी बैठक थी, हमने लगभग 2 घंटे तक बातचीत की, हमने उन्हें अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं की भावनाओं से अवगत कराया। हमें उम्मीद है कि वह हमारे विचारों पर ध्यान देंगे और सही काम करेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने हमारी बातों को बहुत गौर से सुना है। राहुल गांधीजी जैसा चाहेंगे वो फैसला करें।
इस बैठक में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ, पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पुडुचेरी के मुख्यमंत्री वी नारायणसामी आदि थे। राहुल गांधी के अपने पद से त्यागपत्र देने की घोषणा के बाद एक साथ इन मुख्यमंत्रियों की यह पहली मुलाकात थी।
कांग्रेस अध्यक्ष की यह मुलाकात लोकसभा चुनावों में भारी हार के बाद पार्टी में बड़े स्तर पर इस्तीफों के बीच हुई है। बैठक से पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट कर बताया कि सभी मुख्यमंत्री राहुल गांधी के साथ एकजुटता प्रदर्शित करेंगे। कांग्रेस नेताओं के एक समूह ने राहुल गांधी के साथ एकजुटता के प्रदर्शन में अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। राहुल गांधी ने लोकसभा चुनावों में हार के बाद अध्यक्ष पद छोड़ने के निर्णय की घोषणा की है लेकिन पार्टी चाहती है कि वह पद पर बने रहें। कांग्रेस को लोकसभा में सिर्फ 52 सीटों पर जीत मिली है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें