जयपुर । भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में आज संस्थागत सदस्यता अभियान को लेकर कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) चन्द्रशेखर, प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील कोठारी, प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा, सदस्यता अभियान के प्रदेश संयोजक एवं प्रदेश प्रवक्ता सतीश पूनियां, प्रदेश मंत्री मुकेश दाधीच, राजस्थान धरोहर संरक्षण एवं प्रौन्नति प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत सहित शिक्षा, सुरक्षा, धार्मिक, आर्थिक, सामाजिक, महिला, खेल, स्वास्थ्य, कला/संगीत, विज्ञान से सम्बन्धित क्षेत्रों के प्रबुद्धजनों ने भाग लिया।
भारतीय जनता पार्टी सदस्यता अभियान के प्रदेश संयोजक एवं प्रदेश प्रवक्ता सतीश पूनियां ने प्रबुद्धजन कार्यशाला को सम्बोधित करते हुए कहा कि यह पार्टी का एक बहुत महत्वपूर्ण अभियान है, जिसे सर्वस्पर्शी एवं सर्वव्यापी बनाने के लिए प्रबुद्धजनों (शिक्षा, सुरक्षा, धार्मिक, आर्थिक, सामाजिक, महिला, खेल, स्वास्थ्य, कला/संगीत, विज्ञान से जुड़े) को अपने-अपने क्षेत्र के लोगों को पार्टी से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि सभी प्रबुद्धजनों को प्रदेशभर में कम से कम 1 लाख सदस्य बनाने है। इसके लिए हमें अभियान को गति देने के लिए घर-घर जाकर सदस्य बनाने होंगे।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) चन्द्रशेखर ने कार्यशाला को सम्बोधित करते हुए कहा कि इस सदस्यता अभियान में सभी वर्गों का महत्वपूर्ण योगदान है। भारतीय जनता पार्टी नये सदस्यों के तौर पर समाज की नामचीन हस्तियों, शिक्षा, सुरक्षा, धार्मिक, आर्थिक, सामाजिक, महिला, खेल, स्वास्थ्य, कला/संगीत, विज्ञान, साहित्यकारों जैसी शख्सियतों को पार्टी से जोड़ेगी और एक नया कीर्तिमान स्थापित करेगी।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मंत्री मुकेश दाधीच ने कार्यशाला को सम्बोधित करते हुए कहा कि सभी प्रबुद्धजनों को अपने-अपने क्षेत्र में व्यापक रूप से सदस्यता अभियान को गति प्रदान करते हुए भारतीय जनता पार्टी के नये सदस्य बनाने है। जिससे सभी वर्ग एवं समुदाय भारतीय जनता पार्टी की रीति-नीति से अवगत हों।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें