जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि संवेदनशील, पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन देना ही राज्य सरकार का प्रमुख ध्येय है। उन्होंने कहा कि राजस्थान राज्य सेवा के प्रशिक्षु अधिकारी प्रशिक्षण के बाद संविधान की भावना के अनुरूप पूरी निष्ठा के साथ कार्य करते हुए राज्य सरकार की इस भावना पर खरा उतरें।
गहलोत शनिवार को हरीशचंद्र माथुर राज्य लोक प्रशासन संस्थान में राज्य सेवाओं के आधारभूत प्रशिक्षण शुभारम्भ कार्यकक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों से कहा कि चयन के बावजूद आपको नियुक्ति के लिए 20 माह का इंतजार करना पड़ा। मैं समझ सकता हूं कि आप पर और आपके परिवार पर इसका क्या असर पड़ा होगा। हमारी सरकार ने आपकी तकलीफ को समझा और जल्द से जल्द आपको नियुक्ति दिलाने का प्रयास किया।
मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षु अधिकारियों से कहा कि जीवन में जब भी कोई फैसला लेने में संकोच हो तो यह सोचकर फैसला लें कि आपके फैसले से अंतिम पंक्ति में खडे़ गरीब व्यक्ति को क्या लाभ होगा। उन्होंने कहा कि गांधीजी का जीवन एक खजाना है। आप सब भी उनकी जीवनी को अवश्य पढें। यह जीवनभर पूंजी के रूप में काम आएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गांधीजी के 150वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में प्रदेश में शांति एवं अहिंसा प्रकोष्ठ की स्थापना करने जा रही है। बाद में इसे विभाग के रूप में स्थापित किया जाएगा।
गहलोत ने कहा कि प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिवस पर ओटीएस की स्थापना की गई थी। नेहरूजी जैसे नेताओं के विजन से ही टेªनिंग के कार्यक्रम इतनी ऊंचाई तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ओटीएस में सुविधाओं का विस्तार करेगी। मुख्यमंत्री ने यहां नए ऑडिटोरियम और अन्य सुविधाओं के विकास के लिए 20 करोड़ रूपए देने की भी घोषणा की। उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि प्रशिक्षण का महत्व समझें और सीखने में किसी तरह का संकोच नहीं करें। यह प्रशिक्षण पूरी राजकीय सेवा के दौरान आपके काम आएगा।
मुख्य सचिव डीबी गुप्ता ने कहा कि कानूनी पेचीदगियों के बीच यह प्रशिक्षण प्रारम्भ हो सका, इसके पीछे पूरा श्रेय मुख्यमंत्री को जाता है। उनकी इच्छाशक्ति के कारण ही 20 माह से लंबित यह कार्य सम्भव हो सका। उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों से कहा कि आप सब जनतांत्रिक व्यवस्था को ध्यान में रखकर विधि के अनुरूप कार्य करें। आप सबका यही प्रयास होना चाहिए कि आमजन को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ मिले।
एचसीएम रीपा के निदेशक अश्विनी भगत ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कहा कि बिना प्रशिक्षण के कार्य करने वाला व्यक्ति असफलता की ओर कदम बढ़ाता है। उन्होंने प्रशिक्षण संस्थान की गतिविधियों एवं विकास कार्यों की भी जानकारी दी। अंत में एचसीएम रीपा की अतिरिक्त निदेशक शैली किशनानी ने आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर ओटीएस परिसर में मौलश्री का पौधा भी लगाया। कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह राजीव स्वरूप, प्रमुख शासन सचिव कार्मिक रोली सिंह तथा पुलिस महानिदेशक प्रशिक्षण राजीव दासोत सहित अन्य उच्च अधिकारी उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें