जयपुर। आपदा प्रबन्धन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विभाग तथा सेना एवं अन्य महत्वपूर्ण राष्ट्रीय संस्थानों द्वारा 11 फरवरी को जयपुर में वार्षिक संयुक्त मानवीय सहायता और आपदा राहत अभ्यास ‘‘एक्सरसाइज राहत’’ 2019 ‘‘भूकम्प परिदृश्य’’ का आयोजन किया जाएगा। छावनी एवं भवानी निकेतन महाविद्यालय के मैदान आयोजन होेने वाले इस आयोजन के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत होंगे।
आपदा प्रबन्धन के शासन सचिव आशुतोष पेंडनेकर ने बताया कि 12 फरवरी को अलवर की इटारना छावनी एवं कोटा में भी इस एक्सरसाइज के अन्तर्गत भूकम्प परिदृश्य और कोटा बैराज पर रिसाव से उत्पन्न बाढ की स्थिति से निपटने के उपायाें का भी प्रदर्शन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ‘‘एक्सरसाइज राहत’’ का आयोजन आपदा प्रबन्धन एवं सहायता विभाग, भारतीय सेना, राष्ट्रीय आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण, राष्ट्रीय आपदा प्रतिसाद बल, राज्य आपदा प्रतिसाद बल, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल, केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, सीमा सुरक्षा बल, स्काउट एण्ड गाइड, राष्ट्रीय कैडेट कोर, राष्ट्रीय सेवा योजना, नागरिक सुरक्षा विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग, नगर निगम, स्वायत्त शासन विभाग एवं सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
जयपुर में ‘‘एक्सरसाइज राहत’’ का 11 फरवरी को प्रातः 9 बजे सेना मुख्यालय (साउथ-वेस्टर्न कमाण्ड) में शुभारम्भ होगा। इसमें राष्ट्रीय, राज्य, सेना की आपदा प्रबन्धन सेमीनार का आयोजन होगा तथा प्रातः 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक सभी नोडल विभागाें की सिंडीकेट्स द्वारा एक ‘‘टेबल टॉप एक्सरसाइज’’ के अन्तर्गत विचार विमर्श किया जाएगा। दोपहर 2.30 बजे से भवानी निकेतन मैदान में क्रियात्मक प्रदर्शन किया जाएगा।
जिसमें राष्ट्रीय आपदा प्रतिसाद बल, राज्य आपदा प्रतिसाद बल, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल, केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, सीमा सुरक्षा बल, स्काउट एण्ड गाइड, राष्ट्रीय कैडेट कोर, राष्ट्रीय सेवा योजना, नागरिक सुरक्षा विभाग, अग्निशमन, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य एवं अन्य संस्थाएं संयुक्त रूप से आपदा राहत का प्रदर्शन करेंगे।
इस उच्च कोटि के प्रदर्शन में आम नागरिकों को किस प्रकार त्वरित गति से सहायता प्रदान की जाए, इसके तौर तरीके दिखाएं जाएंगे। इस आयेाजन में सेना एवं वायु सेना के हेलिकॉप्टर्स द्वारा बचाव कार्य का भी प्रदर्शन किया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें