रविवार, 8 अप्रैल 2018

. नालंदा थाना में पदस्थापित थानाध्यक्ष विगाउ राम यौन उत्पीड़न के आरोप में निलंबित

थानाध्यक्ष बिगाऊ राम।
नालंदा। जिले में थाने में तैनात एक महिला सिपाही ने थानाध्यक्ष बिगाऊ राम पर छेड़खानी का आरोप लगाकर हड़कंप मचा दिया। एसपी व डीएसपी मामले की जांच करने थाना पहुंचे। देर शनिवार को शाम में एसपी ने थानाध्यक्ष को सस्पेंड करते हुए थाने में तैनात दो महिला सिपाही को भी लाइन हाजिर कर दिया है।

वहीं, थानाध्यक्ष ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों से इनकार किया है। थानाध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने टेबल सजाने के लिए कहा था। इसी कारण सारा बखेड़ा हुआ। दरअसल, यह विवाद शुक्रवार की देर शाम से शुरू हुआ।
महिला सिपाही ने एसपी से घटना की शिकायत की। साथ ही उन्हें आवेदन भी दिया।


शिकायत की सूचना मिलते ही विभाग में मचा हड़कंप
महिला सिपाही ने आरोप लगाया कि थानाध्यक्ष ने अपने कमरे में उसे बुलाया और चादर बिछाने को कहा। चादर बिछाने के दौरान ही उन्होंने उसे पकड़ लिया। महिला ने कहा कि विरोध करने व शोर मचाने पर उसे छोड़ा। इसके बाद उसने एसपी को आवेदन भेजकर शिकायत की। शिकायत की सूचना मिलते ही विभाग में हड़कंप मच गया।

कोई कुछ बताने को नहीं है तैयार 
थाना में चार महिला सुरक्षाकर्मियों की तैनाती है। घटना के बाद शनिवार को सभी सहमी सी दिख रही थी। कोई कुछ भी बताने को तैयार नहीं थी। थाना के अन्य कर्मियों की जुबान पर भी ताले लटके थे। शनिवार को डीएसपी संजय कुमार ने थाना पहुंचकर कर्मियों से पूछताछ की। सभी महिला सिपाहियों को पुलिस लाइन भेजा गया था। हालांकि, एसपी ने दो को लाइन हाजिर करने की पुष्टि की।

थानाध्यक्ष ने कहा- झूठा आरोप लगाया गया
थानाध्यक्ष ने बताया कि उन्होंने महिला सिपाही को टेबल सजाने के लिए कहा था। उसे कहा था कि बिखरे पड़े कागजात व अन्य सामानों को ढंग से रख दें। इसी बात पर वह आक्रोशित हो गई और इल्जाम लगाने लगी। उन्होंने अपने ऊपर लगाए गए आरोप को झूठा बताया।

थानाध्यक्ष के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग
नालंदा पुलिस मेंस एसोसिएशन के अध्यक्ष मुक्तिदेव निराला ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि मामले की जानकारी होने के बाद शुक्रवार को वेलोग नालंदा थाना गए थे। उन्होंने एसपी से इस मामले में कार्रवाई करने का अनुरोध किया था। एसोसिएशन की पहल पर ही थानाध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई हुई है। लेकिन एसोसिएशन इतने से ही संतुष्ट नहीं है। थानाध्यक्ष के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है।

निखिल को मिली नालंदा थाना की कमान
छबिलापुर थाना के प्रभारी निखिल राय को नालंदा थाना की कमान सौंपी गई है। डीएसपी संजय कुमार ने बताया कि बिगाऊ राम के हटाए जाने के बाद निखिल को थानाप्रभारी बनाया गया है। छबिलापुर थाना की जिम्मेदारी आशुतोष कुमार को दी गई। आशुतोष पुलिस लाइन में थे। पुलिस लाइन से उन्हें छबिलापुर भेजा गया है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें