बुधवार, 18 अप्रैल 2018

परनामी का इस्तीफा दिल्ली से लिया गया, वसुंधरा से कोई सरोकार नहीं

उपचुनाव में मिली हार के बाद से प्रदेश के नेतृत्व में बदलाव को लेकर चर्चाओं का दौर चल रहा था। पार्टी सूत्रों के मुताबिक भाजपा प्रदेशाध्यक्ष परनामी से इस्तीफा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने लिया है।

जयपुर । प्रदेश में लोकसभा व विधानसभा उपचुनाव में भाजपा को मिली करारी हार के बाद से पार्टी नेतृत्व में बदलाव को लेकर चल रही चर्चा के बीच भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी पर गाज गिराई है। परनामी से सीधे अमित शाह ने इस्तीफा लिया है । पार्टी सूत्रों ने बताया कि इसमें सूबे की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का कोई रोल नहीं है।

राज्य में उपचुनाव में भाजपा को मिली करारी हार के बाद राजनीतिक हलचल तेज बनी हुई है। प्रदेश में कमजोर होती संगठन की पकड़ को देखते हुए काफी समय पहले ही भाजपा केंद्रीय नेतृत्व स्तर पर प्रदेश नेतृत्व में बदलाव को लेकर मानस बन रहा था। इस बीच पार्टी स्तर पर प्रदेश में जमीनी पकड़ को मजबूत करने की दिशा में कवायद शुरू की गई। जिसके तहत पार्टी को अच्छे परिणाम की आस थी, लेकिन, अभी तक की कवायद में ज्यादा सफलता नहीं मिली। पार्टी सूत्रों ने बताया कि इसके बाद ही परनामी को पद से हटाने का निर्णय किया गया ।


गौरतलब है कि आगामी विधानसभा चुनाव में राज्य में जीत का परचम लहराने के लिए पार्टी स्तर पर की जा रही कवायद में अब सीधे केंद्रीय नेतृत्व का दखल है। प्रदेश में भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी और संगठन के स्तर पर कमजोर होती पकड़ को लेकर भाजपा के पदाधिकारी खासे चिंतित हैं। संगठन के केंद्रीय पदाधिकारी कई बार प्रदेश में आकर पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की बैठक लेते हुए चुनावी रणनीति को साधने में लगे हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें