गुरुवार, 2 मई 2019

गुजरात के मुख्यमंत्री रुपाणी बोले, कांग्रेस सरकार ने जनता के साथ धोखा किया

जयपुर। गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे देशभर में झूठ बोल रहे हैं कि उनकी सरकारों ने किसानों का ऋण माफ कर दिया है। लेकिन जमीनी हकीकत में अभी तक किसानों का ऋण माफ नहीं हुआ है।

यह बात गुजरात के मुख्यमंत्री रुपाणी ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा युवाओं को रोजगार, अयोध्या में राममंदिर, किसान को सही दाम देने का काम करेगी।


रुपाणी ने कहा कि कांग्रेस ने झूठे वादे करके प्रदेश में चुनाव जीत लिया लेकिन आज किसान अपने आपको ठगा सा महसूस कर रहा है। सौ दिन में कांग्रेस की सरकार में महिलाओं के प्रति अत्याचार बढ़ गए हैं। 

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में आतंकवादी गतिविधियों बहुत कम हुई हैं। वह एक स्थान पर सिमट कर रह गया है। हमारी पार्टी का मानना है कि सबसे पहले व्यक्ति होता है। व्यक्ति से बड़ा दल होता है। दल से बड़ा देश होता है। प्रधानमंत्री मोदी ने पुलवामा हमले के बाद कठोर कदम उठाया। इसके बाद आज मसूद को अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी घोषित कर दिया गया।

उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस की सरकार यानि मनमोहन सिंह के दस साल के कार्यकाल में जयपुर , दिल्ली, अहमदाबाद , मुंबई हर जगह आतंकवादी विस्फोट करते रहे । यह मोदी सरकार का ही नेतृत्व है कि आतंकवादी गतिविधियां एक जगह सिमटकर रह गई हैं। अब लगातार आतंकवादियों का सफाया हो रहा है। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें