इस बार रिकार्ड संख्या में फिल्मी सितारे चुनाव मैदान में उतरे हैं पर ज्यादातर सितारों के लिए चुनाव जीतना मुश्किल दिख रहा है। जहां चुनाव हो गए हैं वहां की रिपोर्ट भी अच्छी नहीं है और जहां होने वाले हैं वहां भी हालात सितारों के अनुकूल नहीं दिख रहे हैं। यह स्थिति कांग्रेस, भाजपा और दूसरे क्षेत्रीय पार्टियों के प्रत्याशियों के लिए एक जैसी है। कांग्रेस की ओर से चुनाव लड़ रहे फिल्मी सितारों की स्थिति सबसे कमजोर दिख रही है। कांग्रेस ने शत्रुघ्न सिन्हा को पटना साहिब से, राज बब्बर को फतेहपुर सिकरी से और उर्मिला मातोंडकर को मुंबई की एक सीट से उम्मीदवार बनाया है। इनमें से राज बब्बर और उर्मिला की सीट पर मतदान हो गया है और शत्रुघ्न सिन्हा की सीट पर मतदान होना है। तीनों मुश्किल लड़ाई में फंसे हैं। फिल्मी बैकग्राउंड से आने वाली प्रिया दत्त की स्थिति जरूर बेहतर बताई जा रही है।
भाजपा के फिल्मी सितारों में हेमामालिनी को छोड़ कर बाकी सब मुश्किल लड़ाई में हैं। सनी देओल को भाजपा ने गुरदासपुर से चुनाव लड़ाया है, जहां कांग्रेस के सुनील जाखड़ उनको कड़ी टक्कर दे रहे हैं। भोजपुरी फिल्मों के दिनेश लाल यादव निरहुआ को अखिलेश यादव के खिलाफ उतारा गया है, जहां उनकी लड़ाई बहुत मुश्किल है। गोरखपुर में रविकिशन और उत्तर पूर्वी दिल्ली सीट पर मनोज तिवारी की स्थिति भी मुश्किल लड़ाई वाली है। पिछली बार पश्चिम बंगाल की आसनसोल सीट से आसानी से चुनाव जीते बाबुल सुप्रियो के लिए इस बार तृणमूल की मुनमुन सेना के कारण लड़ाई मुश्किल हो गई है। बंगाल में चुनाव लड़ रही भाजपा की लॉकेट चटर्जी की कांटे की टक्कर में उलझी हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें