गुरुवार, 5 सितंबर 2019

शर्मनाक! बिहार में नील गाय को जिंदा दफनाया, वीडियो वायरल, मामला दर्ज

 बिहार के वैशाली जिले में वायरल हो रहा एक वीडियो किसी भी पशुप्रेमी ही नहीं मानवता को शर्मसार करने वाला है। इस वीडियो में एक नील गाय को जिंदा दफन करते हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस मामले का संज्ञान लेते हुए जांच की बात कह रही है। इस बीच, वन विभाग ने भी भगवानपुर थाने में एक प्राथमिकी दर्ज करवाई है।

वैशाली जिले के भगवानपुर प्रखंड के लोगों का कहना है कि पिछले तीन दिनों में यहां वन विभाग के शूटरों द्वारा कई नील गाय को मारा गया है। वायरल वीडियो में एक नील गाय को जिंदा दफनाते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में जेसीबी मशीन से बड़े गड्ढे में नील गाय पर मिट्टी गिराई गई और उसे जिंदा ही दफन कर दिया गया। इस वीडियो में कई लोग भी दिखाई दे रहे हैं परंतु किसी ने इसे रोकने की कोशिश नहीं की।

गौरतलब है कि बिहार में 2016 में सरकार ने किसानों की फसल को बचाने के लिए नील गाय को गोली मारने का प्रावधान किया था। प्रावधान के मुताबिक विभाग के कर्मचारियों द्वारा पहले नील गायों को बेहोश किया जाएगा और फिर उसे गोली मारी जाएगी और इसके बाद शव को दफना दिया जाएगा।

इधर, वैशाली जिले में वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग के अधिकारी कुछ भी नहीं बोल रहे हैं। पुलिस ने वीडियो वायरल होने पर संज्ञान लेते हुए वन विभाग से रिपोर्ट मांगी है। वैशाली जिले के पुलिस अधीक्षक मानवजीत सिंह ढिल्लो ने आईएएनएस को बताया कि नील गाय को शूटडाउन करने के लिए वन विभाग की एक टीम आई थी।

इस वीडियो के संज्ञान में आने के बाद संबंधित थाना प्रभारी के माध्यम से वन विभाग से रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट आने के बाद जो भी मामला सामने आएगा उस तरह की नियम सम्मत कार्रवाई की जएगी। इधर, मामले के प्रकाश में आने के बाद वन विभाग ने भगवानपुर थाने में जेसीबी चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।

भगवानपुर के थाना प्रभारी सीबी शुक्ला ने बताया कि लालगंज के वन क्षेत्र पदाधिकारी के लिखित बयान पर नील गाय को जिंदा दफनाए जाने के मामले में एक प्राथमिकी दर्ज कर ली गई, जिसमें जेसीबी चालक को आरोपी बनाया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें