जयपुर । भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) चन्द्रशेखर ने भाजपा प्रदेश कार्यालय पर ‘‘सेवा सप्ताह’’ कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि पीएम मोदी के जीवन से जुड़ी यह प्रदर्शनी उनके पूरे जीवनकाल को विस्तृत रूप से दर्शाती है। उन्होंने कहा कि गुजरात में मुख्यमंत्री रहते हुए नरेन्द्र मोदी ने देश के सामने विकास का एक माॅडल प्रस्तुत किया। जिसे पूरे देश की जनता ने स्वीकार किया। गुजरात में लगातार 15 वर्ष तक सफल सरकार चलाना एक बेहतर प्रशासक की निशानी थी और उसी गुजरात से निकले विकास के माॅडल ने मोदी जी को पूरे देश में लोकप्रिय बनाया। जब भारतीय जनता पार्टी ने नरेन्द्र मोदी जी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया तब गुजरात के विकास का माॅडल ही मोदी जी की पहचान थी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को कहा कि अत्याचारी कांग्रेस सरकार के खिलाफ सड़क पर जनता की लड़ाई लड़ें। भाजपा के विधायक सदन में सरकार से जनता के हितों की रक्षा करेंगे। पूरे प्रदेश में जिस तरीके से कानून व्यवस्था बेहाल है, लोग डरे हुए है और कांग्रेस को वोट देकर आज खुद का ठगा हुआ महसूस कर रहे है। प्रदेश की बहिन-बेटी आज असुरक्षित है, हत्या, लूट, चैन स्नैचिंग जैसी घटनाऐं आम है। थानों में गोलियां चल रही है और उसका जवाब देने के बजाय अशोक गहलोत की पुलिस, जनता और विपक्ष के नेताओं पर लाठी चला रही है। इस अन्याय के खिलाफ भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता को लड़ना है।
इससे पूर्व भाजपा के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां ने प्रातः मोती डूँगरी गणेश मन्दिर में दर्शन किये।
उसके बाद भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष भंवर लाल शर्मा एवं हरिशंकर भाभड़ा के निवास पर जाकर उनसे आशीर्वाद लिया।
वहीं पिंकसिटी प्रेस क्लब में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया का स्वागत किया गया एवं पिंकसिटी प्रेस क्लब के अध्यक्ष ने पूनिया को पिंकसिटी प्रेस क्लब की मानद सदस्यता दिलाई।
उसके बाद पूनिया ने राजभवन में राज्यपाल कलराज मिश्र से शिष्टाचार मुलाकात की।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें