जयपुर। प्रदेश में होने वाले विधानसभा उपचुनावों में खींवसर विधानसभा के लिए राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी एवं भारतीय जनता पार्टी ने गठबंधन का ऐलान किया है।
प्रदेश भाजपा मुख्यालय पर आयोजित एक संयुक्त प्रेस वार्ता में सांसद हनुमान बेनीवाल ने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस का सफाया हुआ है उसी प्रकार विधानसभा उपचुनावों में भी कांग्रेस मुक्त राजस्थान चाहते है और मण्डावा विधानसभा क्षेत्र में भी राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी एवं भारतीय जनता पार्टी साथ में चुनाव लड़ेगी एवं प्रचण्ड बहुमत के साथ सीट जीतेगी।
उन्होंने कहा कि अशोक गहलोत अपने बेटे की बेरोजगारी को मिटाने के लिए आरसीए का अध्यक्ष बनाने में लगे हुए है। ऐसा लग रहा है कि प्रदेश में अधिकारी सरकार चला रहे है। प्रदेश में अपहरण, हत्याओं की घटनाऐं लगातार बढ़ रही है। अभी हाल ही में किस प्रकार एक बदमाश को थाने से छुड़ाकर ले गये है, यह सरकार के लिए एक शर्म का विषय है।
नेता प्रतिपक्ष गुलाबचन्द कटारिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी दोनों सीटों पर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के साथ मिलकर प्रचण्ड बहुमत के साथ विजयी होगी।
प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया, पूर्व मंत्री अरूण चतुर्वेदी समेत अन्य नेता मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें