मंगलवार, 29 सितंबर 2020

प्रदेशभर में बीजेपी 'किसान कल्याण ' जनजागरुकता अभियान चलाएगी


 जयपुर: केन्द्र की मोदी सरकार के कृषि कानूनों को लेकर प्रदेशभर में बीजेपी जनजागरुकता अभियान चलाएगी। बीजेपी के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता और विधायक रामलाल शर्मा ने बताया कि बीजेपी प्रदेशभर में 30 सितंबर से 10 अक्टूबर अभियान चलायेगी, जिसमें कृषि कानूनों के बारे में किसानों को जागरुक करने को लेकर सोशल मीडिया, किसान कल्याण ग्राम चैपाल और करीब 30 लाख पत्रक बांटकर इन कानूनों से होने वाले फायदों की जानकारी किसानों के साथ-साथ आमजन को भी दी जाएगी।

रामलाल शर्मा ने बताया कि बुधवार सुबह 9 बजे बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष डाॅ. सतीश पूनियां फेसबुक लाइव के माध्यम से किसान कल्याण सम्पर्क अभियान का आगाज़ करेंगे। इसके बाद एक अक्टूबर को सुबह 10 बजे केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, अर्जुनराम मेघवाल, कैलाश चैधरी और प्रदेश पदाधिकारी फेसबुक लाइव के माध्यम से इन कानूनों के बारे में जानकारी देंगे। दो अक्टूबर को सांसद, पूर्व सांसद, मोर्चा अध्यक्ष और तीन अक्टूबर को विधायक, पूर्व विधायक, जिलाध्यक्ष, पूर्व जिलाध्यक्ष, जिला पदाधिकारी एवं उत्कृष्ट किसान फेसबुक लाइव के माध्यम से कानूनों से सम्बन्धित जानकारी देंगे।


प्रदेश उपाध्यक्ष माधोराम चैधरी ने कहा कि, भाजपा प्रदेशभर में 30 सितंबर से 8 अक्टूबर तक ‘‘किसान कल्याण ग्राम चौपाल’’ लगाकर किसानों को इन कानूनों की जानकारी देगी। कोविड गाइडलाइन के अनुसार सीमित संख्या में इन चैपालों में किसानों को बुलाया जाएगा। 9 और 10 अक्टूबर को जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता घर-घर जाकर कानूनों से संबंधित पत्रक बांटेंगे। उन्होंने कहा कि, किसान कल्याण संपर्क अभियान के तहत प्रदेशभर में करीब 30 लाख पत्रक बांटे जायेंगे, प्रदेश के हर बूथ पर 50 से 100 घरों में पत्रक बांटने का काम किया जायेगा।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद डोटासरा द्वारा कृषि कानूनों से सम्बन्धित राज्यपाल को दिये गये ज्ञापन को लेकर रामलाल शर्मा ने कहा कि ज्ञापन में किसानों से संबंधित आंकड़ों एवं तथ्यों में कई गलतियां हैं, जनहित के निर्णयों का विरोध करना ही कांग्रेस की फितरत हो गई है। ऐसे में भाजपा ने तय किया है कि कांग्रेस जो भ्रमजाल फैलाने एवं किसानों को गुमराह करने का जो षडयंत्र कर रही है, उसके खिलाफ पार्टी के कार्यकर्ता संपर्क करके किसान और आमजन को कानून से संबंधित खूबियां एवं वास्तविकता बताने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि, मोदी सरकार के कृषि कानूनों से किसान की आमदनी में बढ़ोतरी होगी और किसान खुशहाल एवं उन्नत होगा। साथ ही पूरी आजादी के साथ किसान स्वयं ही कीमत तय कर अपनी फसल को कहीं भी, कभी भी बेच सकेगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें