रविवार, 27 सितंबर 2020

नड्डा की टीम में बाहरी लोगों को भी खूब मौका मिला

 


भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा की टीम बाहर से यानी दूसरी पार्टियों से आए नेताओं को भी खूब मौका मिला है। आमतौर पर भाजपा बाहर से आने वालों को एमपी, एमएलए की टिकट तो दे देती है पर संगठन में जिम्मेदारी नहीं देती है। संगठन में पार्टी के पुराने नेताओं या संघ से जुड़े रहे लोगों को ही जगह मिलती है। पर इस बार यह परंपरा टूटी है। इस बार जेपी नड्डा ने आधा दर्जन से ज्यादा बाहरी लोगों को टीम में जगह दी है।


भाजपा में सबसे अहम जिम्मेदारी महासचिव की होती है। यह संभवतः पहला मौका होगा, जब दूसरी पार्टी से आए किसी नेता को महासचिव बनाया गया है। कांग्रेस नेता और मनमोहन सिंह की पहली सरकार में मंत्री रहीं डी पुरंदेश्वरी को नड्डा ने महासचिव बनाया है। वे आंध्र प्रदेश के दिग्गज नेता रहे एनटी रामाराव की बेटी हैं। समझा जा रहा है कि राज्य की राजनीति में एनटी रामाराव के दामाद चंद्रबाबू नायडू को मात देने के लिए और एनटीआर की विरासत उनसे छीनने के लिए पुरंदेश्वरी को आगे किया गया है।


इसके अलावा नड्डा ने दूसरी पार्टियों से आए तीन नेताओं को उपाध्यक्ष बनाया है। तृणमूल कांग्रेस छोड़ कर आए मुकुल रॉय, बीजू जनता दल से भाजपा में गए बैजयंत जय पांडा और राष्ट्रीय जनता दल छोड़ कर भाजपा में शामिल हुईं अन्नपूर्ण देवी को उपाध्यक्ष बनाया गया है। वैसे उपाध्यक्ष का पद कोई खास महत्व का नहीं होता है और अगर किसी राज्य का प्रभार नहीं मिले तो यह सजावटी ही होता है। फिर भी तीन बाहरी नेताओं को उपाध्यक्ष बनाना बड़ी बात है।


भाजपा ने इस बार अपने प्रवक्ताओं की सूची में भी बाहर से आए तीन लोगों को शामिल किया है। पहले जय पांडा भी पार्टी के प्रवक्ता थे पर इस बार उनको सिर्फ उपाध्यक्ष रखा गया है। समाजवादी पार्टी छोड़ कर भाजपा में शामिल हुए गौरव भाटिया को नड्डा ने प्रवक्ता बनाया है। कुछ दिन पहले कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में गए और उत्तर प्रदेश से राज्यसभा भेजे गए जफर इस्लाम को भी उन्होंने प्रवक्ता बनाया है। इसके अलावा लंबे समय तक कांग्रेस के प्रवक्ता रहे टॉम वडक्कन को भी भाजपा का प्रवक्ता नियुक्त किया गया है।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें