रविवार, 27 अगस्त 2017

राजद की 'भाजपा भगाओ रैली' में मंच पर दिखें दिग्गज

राजद की 'भाजपा भगाओ रैली' में आज लालू प्रसाद अपनी ताकत दिखाएंगे। इसके लिए पटना के गांधी मैदान में समर्थकों का हुजूम उमड़ रहा है। भाजपा व जदयू ने रैली की आलोचना की है।                                                           पटना । राजधानी के ऐतिहासिक गांधी मैदान में राजद की 'देश बचाओ-भाजपा भगाओ रैली' शुरू हो चुकी है। मंच पर नेताओं का संबोधन शुरू हो गया है। राज्‍य में महागठबंधन सरकार के बिखरने और राजद के सत्ता से बेदखल होने के बाद पूरे देश की नजरें इस रैली पर टिकी हुई है। जदयू के बागी शरद यादव के अगले कदम का भी इंतजार किया जा रहा है। भाजपा विरोधी रैली में शामिल होकर वह एक तरह से जदयू को कार्रवाई के लिए चुनौती देने की तैयारी कर चुके हैं।
दूसरी ओर भाजपा ने जहां रैली की टाइमिंग को लेकर सवाल उठाए हैं, वहीं जदयू ने इसे घोटालेबाजों की रैली करार दिया है। भाजपा का कहना है कि बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित बिहार में इस समय रैली की राजनीति करना जनता के साथ मजाक है। 
रैली में शरद यादव के लालू यादव के साथ गले मिलने पर जदयू नेता नीरज कुमार ने कहा कि कुछ ही दिनों बाद लालू यादव सपरिवार जेल जाने वाले हैं। ऐसे में उनकी अवैध संपत्ति कौन रखेगा। इसके लिए शरद यादव की ताजपोशी की जा रही है। 
शरद यादव के खिलाफ क्‍या कार्रवाई की जायेगी, पूछे जाने पर नीरज कुमार ने कहा कि यह फैसला माननीय मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार करेंगे। उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जायेगी। 
- कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि
- झामुमो नेता हेमंत सोरने ने मंच से कहा कि इस ऐतिहासिक मैदान से देश को बचाने की आवाज निकली है। उस आवाज को उठाने वाले लालू यादव को हम धन्‍यवाद देते हैं। यह जनसैलाब व्‍यवस्‍था के खिलाफ आक्रोश है। नौजवान साथियों से कहूंगा कि हमारे पूर्वजों ने देश की एकता और अखंडता को बचाने के लिए काफी मेहनत किया है। लेकिन दुर्भाग्‍य की बात है कि देश पर ऐसी साप्रदायिक ताकत का शासन है जो इसे तोड़ने में लगी है। दलितों से दलितों को और पिछड़ों को पिछड़ों से लड़ाने का कम कर रही है ।
इस डिजिटल इंडिया के सरकार में 19 करोड़ लोग भूखे सोते हैं। ये लोग आज तक मात्र साढ़े 6 लाख रोजगार ही पैदा करने में सक्षम हो सके हैं। जितने भी बातें कही, वह जुमला साबित हुआ। खाते में 15 लाख देने की बात कही थी, लेकिन पैसा तो आया नहीं, घर का भी पैसा निकलवा लिया।
हमारा देश कृषि प्रधान देश है, लेकिन कहीं किसान सड़कों पर सब्‍जी फेंकने को मजबूर हो रहे हैं तो कहीं दूध फेंक रहे हैं। आज ये देश अजीब हालात से गुजर रहा है। देश अजीब भंवर में फंस गया है। इससे इसको निकालने की जरूरत है। उम्‍मीद है कि हम सब एकसाथ मिलकर देश से भंवर को निकालने का प्रयास करेंगे। भाजपा को गोवा से लेकर पूरे देश में कहीं भी बहुमत नहीं मिला, लेकिन भाजप सरकार बनाती है। ये धर्म के लूटरे के साथ-साथ लोकतंत्र के भी लूटेरे हैं। इन देशद्रोहियों और राष्‍ट्रदोहियों को जवाब देना है।
आज पूरे देश में आक्रोश है। दलितों, पिछड़ों को सताया जा रहा है। गुजरात में नंगा कर पीटा जा रहा है। आवाज उठाने पर जेल में डाल दिया जाता है। यह व्‍यापारियों की पार्टी है। चाणक्‍य ने कहा है कि जिस देश का राजा व्‍यापारी होता है, उस देश की प्रजा भिखारी होती है। आज हमें इन व्‍यापारियों को देश की सत्‍ता से हटाने का संकल्‍प लेना है।
- समाजवादी पार्टी के अध्‍यक्ष और उत्‍तरप्रदेश के पूर्व मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आदरणीय लालू प्रसाद यादव जी को बधाई देना चाहता हूं। ये जो जनसैलाब दिखाई दे रहा है, यह सब डिजिटल इंडिया वाली पार्टी भाजपा वाले भी देख रहे होंगे। यह आवाज 11 करोड़ जनता की आवाज है। उत्‍तर प्रदेश 22 करोड़ का  है। आपकी आवाज से आवाज मिला देगा। बंगाल से भी आवाज निकलेगी कि हमें देश बचाना है।
हम देश इसलिए बचाना चाहते हैं क्‍योंकि इन्‍होंने देश को पीछे कर दिया। गरीबों और किसानों को सबसे अधिक परेशानी हुई है। अब तो तीन साल बीत गये, अब तो समझा दो कि अच्‍छे दिन कब आयेंगे। हम बिहार की जनता से पूछेेंगे कि तीन साल में उनके जीवन में कितना परिवर्तन आया है। नौजवानों को तो कुछ मिला नहीं है और मिलेगा भी नहीं। वे जानते हैं कि हम मोबाइल पर कुछ फैला देंगे, टीवी पर कुछ फैला देंगे। ये तो भला हुआ कि राम-रहीम के चक्‍कर में कुछ सच सामने आने लगा है।
अाप बताओ तो कि कहां हैं भगवान, हम वहीं झुक जायेंगे। कहीं चोरी हो जाये, डकैती हो जाये, लेकिन पेड़ से टंगा घंटा आजतक चोरी होते नहीं देखा। हमारा देश आबादी में बहुत बड़ा हो गया है। इन्‍होंने कहा कि नोटबंदी से भ्रष्‍टाचार खत्‍म हो जायेगा, आतंकवाद खत्‍म हो जायेगा, हम बिहार की जनता से पूछना चाहते हैं कि आखिर किसी फायदा हुआ। हम पहले से ही कहते हैं कि पैसा काला-सफेद नहीं होता। लेन-देन के तरीके से होता है। नोटबंदी बैंकों में पैसा वापस लाने के लिए किया गया।
बिहार में बाढ़ आयी है, यूपी में बाढ़ आयी है। पैकेज दिया गया है। लेकिन जिनकी जान चली गई, जिनका गाय बह गया, उनका क्‍या होगा। न्‍यू इंडिया वाले लोग पता नहीं कौन से भारत बनाने चाहते हैं। हम तो किसानों और नौजवानों का भारत बनाना चाहते हैं। हमने उत्‍तर प्रदेश में काम भी किया है। उत्‍तर प्रदेश में समाजवादी लोगों ने सबसे बड़ा एक्‍सप्रेस वे बनाकर दिखाया है। डिजिटल इंडिया की बात करने वालों ने हमारी योजना चुरा ली। हम यूपी में फ्री मोबाइल देना चाहते थे। लेकिन आज कोई कंपनी फ्री में देने वाली है। 
बिहार की धरती क्रांतिकारी धरती है। जब यह धरती रथ रोक सकती है तो बीजेपी को भी रोक सकती है। आपको रोक कर दिखाना है। हमारे उपर भी जांच हो रही है। हमारे यहां रोमियो को पकड़ा जा रहा है। लेकिन ये तो बता दो कि सबसे अधिक किस पार्टी के रोमियो को पकड़ा जा रहा है। 
हम चाहते हैं कि ऐसा देश बने कि किसानों, नौजवानों सबको हक मिले। आज तो आधार बन गया है। देश में 80 प्रतिशत तक आधार बन गया है। जो कुछ हिसाब-किताब लगाना है तो आधार से लगाओ। सबको हक दो। गिनती आपके पास है। सबको उनका हक दे दो। बिहार के लोगों से आग्रह करता हूं कि आप सब इस संघर्ष में हमारा साथ दें। भाजपा को भगाने काम करें। 
रालोद के नेता चौधरी जयंत सिंह ने कहा कि यह महारैली नहीं, रैला है रैला। हम बिहार की जनता का अभिवादन करते हैं। सभी लोग लालू जी के साथ खड़े हैं। पूरे देश में जब-जब समाजिक क्रांति आयी है, उसकी चिंगारी बिहार से ही निकली है। चंपारण से राजकुमार शुक्‍ला जी, स्‍वामी सहजानंद जी आदि ने जो चिंगारी जलाई, वह सब लोग जानते हैं। आज दुबारा वहीं परिस्‍थतियां हैं। देश में लोगों को बोलने नहीं दिया जा रहा है। वक्‍त आ गया है सवाल पूछने का। तेजस्‍वी ने आज सारे सवाल जनता की अदालत में रखे हैं। तेजस्‍वी जी आपने कहा कि आपके साथ धोखा दिया। जनता के जनादेश के साथ धोखा हुआ। नीतीश कुमार ने जनता के साथ धोखा किया है।
मोदी सरकार ने वादा किया था कि खातों में 15-15 लाख देंगे। 2 करोड़ लोगों को रोजगार देंगे। लेकिन न तो लोगों को रोजगार मिला और न ही खाते में पैसे आये। नोटबंदी के बाद अर्थव्‍यवसथा चौपट हो गई। गरीबों और मजदूरों का रोजगार छीन लिया।
गोरखपुर की घटना कोई नहीं भूला सकता है। मोदी जी कहते हैं कि यह आपदा है। यह आपदा नहीं हत्‍या है। बिहार के लोग समझदार हैं। मैं सिर्फ यही कहना चाहता हूं कि बिहार के सपूत दिनकर जी ने जो कहा था कि सिंहासन खाली करो, जनता अब आती है।
-राकंपा नेता तारिक अनवर ने संबोधित करते हुए कहा कि देश एक एेसे रास्‍ते पर चल रहा है, जिससे आने वाले दिनों में एकता और अखंडता खतरे में पड़ सकती है। लोग डरे हुए हैं। हम सब को एकसाथ आकर पूरे देश से भाजपा को भगाना है।
राजद अध्‍यक्ष लालू प्रसाद यादव के पुत्र और बिहार के पूर्व उपमुख्‍यमंत्री तेजस्‍वी यादव ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बाढ़ के बावजूद भी जो जोश और जुनून दिख रहा है, उसके लिए अाप सब का अभिनंदन करते हैं। आपसब कहें तो अपने प्रिय चाचा नीतीश जी को भी हाथ जोड़कर प्रणाम करते हैं। हमारे परिवार ने बड़े-बुजुर्गों का सम्‍मान करना सिखाया है। वो हमारे चाचा हैं और रहेंगे लेकिन अब अच्‍छे चाचा नहीं रहे।
नीतीश जी हमारे साथ छोड़ कर भले ही चले गये, लेकिन महागठबंधन टूटा नहीं है। असली जदयू के नेता हमारे चाचा शरद यादव हैं। हमारे प्रिय चाचा नीतीश जी का आज से उल्‍टी गिनती शुरू हो गया है। हम युवाओं को कहना चाहते हैं कि अाप लोग जो हर-हर मोदी, घर-घर मोदी का नारा लगाते थे, वो बड़-बड़ मोदी और गड़बड़ मोदी हैं।
आप सब लोग जानते हैं कि चाचा नीतीश ने कहा था कि संघ मुक्‍त भारत बनायेंगे लेकिन आज संघ के गोदी में जाकर बैठ गये। हे राम की जगह जयश्रीराम कहने लगे। गांधी जी के हत्‍यारों के साथ जा मिले।
हम भालगपुर गये तो धारा 144 लगा दिया गया। हमारे रूकने की व्‍यवस्‍था तक नहीं की। ये लोग डरे हुए लोग हैं। जनादेश की डकैती है। सृजन घोटाले में जदयू और भाजपा के नेता शामिल हैं। मुख्‍यमंत्री जी पर आर्म्‍सएक्‍ट का मुकदमा चल रहा है। दिल्‍ली हाईकोर्ट ने 20 हजार का जुर्माना लगा दिया है।
तेजस्‍वी तो बहाना था, सृजन का पाप छुपाना था, भाजपा की गोद में जाना था। हम डरने वाले नहीं हैं। लालू जी का खून है। इन लोगों ने जो भ्रष्‍टाचार किया है, वह सब सामने आयेगा। यह तो मात्र एक जिला का है। कुछ दिन पहले नीतीश जी भागलपुर गये थे ताकि सारी सबूतों को मिटा दिया जाये। सृजन में भी दो मौत हो चुकी है। जो मुख्‍यआरोपी था, उसकी रहस्‍यमतरीके से मौत हो गई।
हम पूछना चाहते हैं कि अब आपकी अंतरआत्‍मा कहां गई। क्‍या वह मोदी आत्‍मा था या कुर्सी आत्‍मा था। नीतीश कुमार ने हमारी पीठ में छुरा घोपने का काम किया। जनादेश का अपमान करने का काम किया। यह जनसैलाब उसी अपमान का बदला लेने आयी है।
पीएम मोदी ने बिहार के डीएनए पर सवाल उठाया था। नीतीश जी और उनके लोगों ने बाल और नाखून काटकर दिल्‍ली भेजे थे। क्‍या हुआ उस डीएनए की जांच का। उसे फिर से दिल्‍ली से लाकर पटना के म्‍यूजियम में रख दिया जाये।
आज हम भाजपा के लोगों से पूछना चा‍हते हैं कि क्‍या आपलोगों ने भी घोटाला किया था, जो मंत्रिमंडल से हटा दिया था। नीतीश कुमार जी ने सभी लोगों के साथ धोखा दिया है। बीजेपी के लोग अभी ही एफिडेविट पर लिखवा लें कि वे फिर से पलटी नहीं मारेंगे। ऐसा कोई सगा नहीं, जिसे नीतीश ने ठगा नहीं।
जनता इस जनादेश के अपमान का बदला लेगी। हिन्‍दुस्‍तान का मेरा पहला परिवार होगा, जिसकी तीन-तीन पीढ़ीयों ने सीबीआइ का छापा देखा। जब तक हम देश से बीजेपी और आरएसएस को भगा नहीं लेते, चैन से नहीं बैठेंगे। जिस तरह से श्रीकृष्‍ण भगवान ने सुदामा की मदद की थी। उसी तरह से हमें कृष्‍ण बनकर पिछड़ों, दलितों और समाज के अंतिम पायदान पर बैठे लोगों की मदद करनी है।
तेजस्‍वी ने जनता से पूछा कि क्‍या हम भ्रष्‍टाचारी हैं। सही से पहचान लिजीए कि ईमानदारी का चोंगा पहने भ्रष्‍टाचारी आपको फिर से ठगने आयेगा। लेकिन आप सबको इस धर्म और अधर्म की लड़ाई में आप सब धर्मपुत्र को बचाने का काम करेंगे। देश बचाना है आपको, भाजपा को भगाना है आपको। हम जोड़ने की बात करते हैं, ये तोड़ने की बात करते हैं। हम न्‍याय की बात करते हैं, ये अन्‍याय की बात करते हैं। सब गोलबंद हो जाइये। हमें साथ मिलकर लड़ाई लड़नी है।
तेजस्‍वी ने केंद्र सरकार पर हमला करते हुए कहा कि ये पूंजिपतियों की सरकार है। गरीब किसानों का कर्ज माफ नहीं करेगी। अडानी-अंबानी का कर्ज माफ करेगी।
मैं हाथ जोड़कर पीएम मोदी से कहता हूं आप प्रत्‍येक वर्ष 2 करोड़ लोगों को रोजगार देने का काम कीजिए। गरीबों के खातों में 15-15 लाख रूपये देने का काम कीजिए।
ये मंडल और कमंडल की लड़ाई है। गरीब और अमीर की लड़ाई है। सब एकजुट होकर लड़ाई लड़ें। मैं कसम खाता हूं कि जब तक इन जुमलेबाजों को बिहार और दिल्‍ली से नहीं हटायेंगे तब तक चैन से नहीं बैठैंगे।
झारखंड विकास मोर्चा के नेता और झारखंड के पूर्व मुख्‍यमंत्री बाबू लाल मरांडी ने कहा कि देश संकट के दौर से गुजर रहा है। नरेंद्र मोदी की सरकार न तो कानून को मानती है और न हीं संविधान को। अभिव्‍यक्ति की स्‍वतंत्रता पर खतरा मंडराने लगा है। हम क्‍या करेंगे और क्‍या लिखेंगे, सब वे तय करने लगे हैं। यदि उनके मन-मुताबिक काम नहीं करेंगे तो सीबीआइ का छापा मरवा देंगे।
झारखंड में तो वह यह भी तय कर चुके हैं कि आप किस भगवान की पूजा करेंगे। आप बिना पूछे कहीं जा नहीं सकते हैं। झारखंड में किसान भाजपा सरकार की मर्जी के बिना खेती भी नहीं कर सकते हैं। हम सब को लोकतंत्र को सुरक्षित रखने के लिए एक साथ आकर आगे बढ़ना होगा। भाजपा की सरकार को पूरे देश से भगाना होगा, तभी लोकतंत्र जिंदा रहेगा।
राजद नेता रघुवंश प्रसाद सिंह ने गुजरात में कहा कि हर जगह भाजपा पैसों का खेल कर रही है। गुजरात में जब कांग्रेस पैसे से न बिके और बैंगलोर में जा कर छिप गये तो वहां भी नरेंद्र मोदी ने छापा पड़वा दिया। जब बिहार में लालू यादव ने महागठबंधन बनाकर भाजपा विरोधी खेमों को मजबूत करने की कोशिश की तो यहां भी तोड़-फोड़ शुरू कर दी। 
नीतीश कुमार ने जनता के साथ विश्‍वासघात किया है। भाजपा के साथ नीतीश की सरकार अनैतिक सरकार है। इस सरकार को हटना चाहिए। लंबा आंदोलन चलेगा। जनादेश के साथ विश्‍वासघात हुआ, नैतिकता का गला घोंट दिया। आज भी भाजपा की हुकूमत में करोंड़ों लोगों का रोजगार छीन लिया। पढ़ाई चौपट है। स्‍कूल-कॉलेज में टीचर नहीं है। अस्‍पताल में डॉक्‍टर नहीं है। मध्‍यप्रदेश में किसानों पर गोलियां चलवायी गई। किसान आत्‍महत्‍या कर रहे हैं। महाराष्‍ट्र में आंदोलन हुआ है। 
देश पर खतरा है। यह जनसैलाब को देखो। पटना भरा हुआ है। पूरे देश से नेता लोग आये हुए हैं। हम सब मिलकर भाजपा को देश से हटाने का काम करेंगे। नौजवानों के भविष्‍य को उज्‍जवल बनाने का काम करेंगे। गांव-गांव में लोग बोल रहा है कि एक है आसाराम, दु गो है झासाराम। इन दोनों से सावधान रहना है। 
- मंच से जनता को संबोधित करते हुए समाजवादी नेता और राजद के राष्‍ट्रीय उपाध्‍यक्ष शिवानंद तिवारी ने कहा कि नीतीश कुमार ने जनता को धोखा देने का काम किया। सब लोग जानते हैं कि लालू यादव के घर जो सीबीआइ  रेड हुआ, एफआइआर में तेजस्‍वी का नाम डाला गया, वह सब प्रायोजित था। नीतीश कुमार से जनता सवाल कर रही है कि आपने हमें धोखा क्‍यों दिया। 
- तृणमूल कांग्रेस की अध्‍यक्ष और पश्चिम बंगाल की मुख्‍यमंत्री ममता बनर्जी मंच पर पहुंच चुकी हैं। राबड़ी देवी और लालू यादव ने गुलदस्‍ता देकर उनका स्‍वागत किया।
- लालू यादव ने मंच से कहा कि यहां जितने लोग मौजूद हैं, उससे अधिक लोग और आ रहे हैं। सभी लोग अनुशासन बनाकर रहें। अभी इंद्र भगवान का कृपा है। 
- जदयू के बागी नेता शरद यादव भी मंच पर पहुंच चुके हैं। शरद यादव और लालू यादव गर्मजोशी के साथ मंच पर गले मिले। बालू लाल मरांडी भी मंच पर पहुंच चुके हैं। 
- राजद अध्‍यक्ष लालू प्रसाद यादव मंच पर पहुंच चुके हैं। उनकी एक झलक पाने को कार्यकर्ता बेचैन दिखे। चारो ओर लालू यादव जिंदाबाद का नारा गूंजने लगा। 
- राजद अध्‍यक्ष लालू प्रसाद यादव की बेटी और राज्‍यसभा सांसद मीसा भारती गांधी मैदान पहुंच चुकी हैं। उनके पहुंचते ही समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की। मीसा ने मंच से सभी लोगों का अभिवादन किया। उनके साथ उनकी मां राबड़ी देवी भी पहुंची।  
- कांग्रेस के प्रतिनिधि गुमान नबी आजाद पटना पहुंच चुका है। वहीं, सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव भी पटना के गांधी मैदान में पहुंच चुके हैं। राबड़ी देवी ने गलदस्‍ता देकर उनका स्‍वागत किया। लालू यादव और अखिलेश ने एक साथ हाथ उठाकर चट्टानी एकता के संकेत दिये। 
- रैली में जाने के पहले बोले तेजस्‍वी, आज से नीतीश व भाजपा की उल्‍टी गिनती शुरू।
- रैली के लिए लालू प्रसाद घर ने निकल चुके हैं। उनके साथ राबड़ी देवी भी हैं। इसके करीब 15 मिनट पहले तेजस्‍वी यादव निकल चुके हैं। तेजप्रताप भी रवाना हो चुके हैं।
- रैली के लिए जा रहे राजद समर्थकों ने आयकर गोलंबर पर नकली स्‍टेनगन से फायरिंग की। हथियार बिलकुल असली जैसे होने के कारण अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने दो समर्थकों को हिरासत में लिया।
- रैली को लकर पटना में सड़कों पर राजद समर्थकों का हुजूम उमड़ पड़ा है। गांधी मैदान में भी भीड़ बढ़ने लगी है।
- रैली को लेकर नेताओं का पहुंचना आरंभ है। गांधी मैदान पहुंचे रमई राम की गेट पर सुरक्षा बलों से गाड़ी अंदर करने के सवाल पर नोंक-झाेंक हुई।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें